कूड़ा प्रबंधन फेल, सड़क किनारे होती है डंपिंग
बभनान। नगर पंचायत बभनान में कूड़ा-कचरा प्रबंधन व्यवस्था फेल है। नगर पंचायत का कूड़ा बभनान-गौर सड़क मार्ग के किनारे डंप किया जा रहा है। इस कारण इधर से गुजरने वालों को मुंह पर रुमाल बांधकर निकलना पड़ रहा है।
बभनान नगर पंचायत का सृजन हुए 17 वर्ष हो गए। नगर पंचायत प्रशासन आज तक कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर सका है। प्रतिदिन नगर पंचायत के विभिन्न 11 वार्डों से तीन से चार ट्रॉली कूड़ा निकलता है। इसे कर्मचारी ट्रॉली से वार्ड नंबर दो आदिशक्तिनगर में बभनान-गौर सड़क के किनारे गिराकर चल देते हैं। सड़क किनारे पड़ा कूड़ा तेज हवा के साथ उड़कर लोगों के खेतों व सड़क पर फैलता है। वहीं, इस सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को मुंह व नाक ढककर निकलना पड़ता है। भारत सरकार व प्रदेश सरकार जहां स्वच्छ भारत मिशन को अमलीजामा पहनाने के लिए तमाम अभियान चला रही है। वहीं, बभनान-गौर मार्ग के किनारे कूड़े की डंपिंग सारे दावों को फेल कर रही है। इस बाबत ईओ बभनान कृष्ण प्रताप सरल ने बताया कि बभनान में कूड़ा निस्तारण के लिए जगह नहीं है। वर्तमान समय में कूड़े का निस्तारण गोंडा जिले में एक गड्ढे में कराया जा रहा है। सड़क किनारे कूड़ा फेंक देने की जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराता हूं।