शहर विस्तारीकरण में शामिल होंगे 64 गांव
पांच किलोमीटर की परिधि के गांवों को मिलेंगी पालिका की सुविधाएं
शासन की हरी झंडी के बाद से तेज हुई कवायद
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। नगरीय क्षेत्र के विस्तारीकरण को लेकर पालिका ने कवायद तेज कर दी है। शासन की हरी झंडी के बाद पांच किलोमीटर परिधि में पड़ने वाले करीब 64 गांवों को शहरी क्षेत्र में शामिल कर पालिका की सुविधा मुहैया कराई जाएंगी। इसके लिए पालिका में तैयारी शुरू हो गई है। नक्शा आदि बनाया जाने लगा है।
लंबे समय से पालिका क्षेत्र के विस्तारीकरण की तैयारी की जा रही है। हालांकि, पूर्व में इसे औपचारिकता मानकर पालिका काम कर रही थी, मगर सरकार बदलने के बाद से ही नगरीय क्षेत्र के सीमा विस्तार को बल मिल गया था। अब शासन इसे लेकर गंभीर हुआ तो प्रशासनिक अमले में भी हलचल शुरू हो गई। इसका परिणाम है कि पालिका ने शहरी क्षेत्र में शामिल किए जाने वाले गांवों की सूची व नक्शा तैयार करना शुरू कर दिया है। शहरी क्षेत्र में सोनूपार, हाईवे पर अमौली तक, अमहट पुल के हाईवे की दोनों पटरियाें के ग्रामीण क्षेत्र, वन विहार व चांदमारी के आसपास पड़ने वाले गांवों को शहर में शामिल कर लिया जाएगा। इसके अलावा शहरी क्षेत्र से सटे मड़वानगर, बड़े वन, मूड़घाट आदि गांवों को भी सीमा विस्तार के बाद शहर में शामिल कर वार्ड बना दिया जाएगा। इन गांवों में पालिका नाला, नाली, सड़क, पेयजल, सफाई आदि के इंतजाम करेगी।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण त्रिपाठी ने कहा कि पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डीएम डॉ. राजशेखर की पहल पर विस्तार के लिए नक्शा आदि तैयार कर लिया गया है। इसे प्रशासन को भेजा जाएगा। वहां से संस्तुति के बाद यह प्रस्ताव शासन को चला जाएगा। चूंकि वर्षों से पालिका क्षेत्र का सीमा विस्तार नहीं हुआ है। ऐसे में इसकी आवश्यकता अब महसूस हो रही है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लग जाएगी।