एपीएनपीजी कालेज में बीएड प्रवेश परीक्षा देकर जाते परीक्षार्थी ।
बस्ती। जनपद के 11 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराई गई। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की तरफ से आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत 9192 में से 8308 लोग परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 884 ने परीक्षा छोड़ दी। नोडल केंद्र एपीएन पीजी कॉलेज में कापियां जमा कराने के बाद विशेष वाहन से उसे देर शाम झांसी के लिए रवाना कर दिया गया।
नोडल अधिकारी अभिराज ने बताया कि 11 केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा दिन में 2 से 5 बजे तक हुई। विश्वविद्यालय की ओर से 22 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। वहीं प्रशासन की ओर से 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 6 केंद्र प्रभारी तैनात रहे। परीक्षा की शुचिता को ध्यान में रखते हुए केंद्रों को छह सेक्टर में बांटा गया था। सचल दल भी परीक्षा का जायजा लेते रहे। विश्वविद्यालय के दो नोडल अधिकारी डॉ. बलराज व कमलेश यादव भी केंद्रों का भ्रमण करते रहे। केडीसी के प्रोफेसर डॉ. राजेश सिंह को निगरानी के लिए अलग से लगाया गया था। वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के अभिभावक भी डटे रहे। परीक्षा को लेकर शहर में दिन भर चहल-पहल बनी रही। नोडल अधिकारी ने बताया कि पहली पारी में 4594 उपस्थित हुए, 444 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 4598 उपस्थित व 440 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। प्राचार्य एपीएन पीजी कालेज डॉ. एपी सिंह के निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। डॉ. एसपी सिंह, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. राजेंद्र बौद्ध, डॉ. बलराम चौधरी, सूर्य प्रताप सिंह विशाल आदि मौजूद रहे।