सम्मेलन में भाजपा सरकार के खिलाफ भरी हुंकार
सपा-बसपा गठबंधन के सम्मेलन में बोले राम प्रसाद चौधरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनहा। वादाखिलाफी करने वाली भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। गन्ना का बकाया भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। वादे करने वाली भाजपा अपने वादे ही भूल गई। यह कहना है बसपा-सपा गठबंधन के प्रभारी/प्रत्याशी पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी का। उन्होंने बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं संग बैठक और समम्मेलन में उक्त बातें कहीं।
रुधौली विधानसभा क्षेत्र के औसापुर, जिनवां, देईपार, रेहार जंगल, सेखुई, भिरिया ऋतुराज, कुशहवा, अमरौली, जहलीपुर, बंजरिया आदि गांवों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बनरहीजंगल में बैठक के दौरान कहा कि भाजपा सरकार 2014 में कालाधन विदेश से वापस लाने और गरीबों, किसानों, मजदूरों, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराने का वादा की थी लेकिन पांच वर्ष में अपने वादे को भूल गई। किसानों के गन्ना का दाम भी नहीं बढ़ाया, जिससे भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। उन्होंने आम जनता से कहा कि सपा सरकार व बसपा सरकार में गन्ना का दाम बढ़ा था और बकाया गन्ना का दाम भी भुगतान हो गया था। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से 12 मई को मतदान करने का अपील की है। जो चौमुखी विकास सपा सरकार में हुआ था वह विकास भाजपा सरकार में नहीं हुआ है। बैठक का संचालन करते पूर्व विधायक राजेन्द्र प्रासद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार से आम जनता ऊब चुकी है। सरकार आमजन को गुमराह कर रही है। इस बैठक में पूर्व विधायक राम ललित चौधरी, प्रमोद यादव, चेयरमैन धीरसेन निषाद, मोहम्मद उमरखान, विजय प्रकाश वर्मा, अम्बिका चौधरी, बबलू चौधरी, रामचन्दर यादव, जमुना यादव, तपानाथ यादव समेत उग्रसेन चौधरी, मदनसेन चौधरी, बाबू लाल यादव आदि मौजूद रहे।
सांसद हरीश के भतीजे भी लड़ेंगे चुनाव
विक्रमजोत। सांसद हरीश के सामने उनके सगे भतीजे भी ताल ठोकेंगे। भतीजे पंकज दुबे ने लोक गठबंधन पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। लोक गठबंधन पार्टी ने पंकज दुबे को बस्ती से ही चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। इससे पहले पंकज दुबे भाजपा कार्यकर्ता भी रहे हैं। बूथ अध्यक्ष से लेकर जिला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रह चुके पंकज दुबे ने लखनऊ में लोक गठबंधन पार्टी का दामन थामा है। पंकज दुबे कहते हैं कि वे हमेशा से ही गरीबों और असहाय के लिए लड़ाई ल़ड़ते रहे हैं। इसके साथ ही गोरक्षा के लिए वह अपनी तरफ से बराबर योगदान देते रहे हैं। गोमाता को राष्ट्रीय माता बनाने के मुहिम में शामिल रहे हैं।
फोटो
मतदान करने के लिए बच्चों ने बड़ों को समझाया
दुबौलिया, विक्रमजोत,और नगरबाजार में जागरूकता रैली
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर लोगों को प्रेरित कर रहा है। बृहस्पतिवार को विक्रमजोत, दुबौलिया और नगरबाजार क्षेत्रों में स्कूली बच्चों ने रैली निकाल कर लोगों से 12 मई को मतदान करने की अपील की।
दुबौलिया प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गौरा बैरागल सहित आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव प्रसाद जायसवाल ने रवाना किया। गौरा बैरागल प्राथमिक विद्यालय से निकाली गई रैली मिश्रौलिया, विशुनपुरा सहित आधा दर्जन गावों में घूम-घूमकर मतदाताओं को जागरूक किया। इस अवसर पर रामशंकर सिंह, अरविंद सिंह, लल्लन चन्द्र त्रिपाठी, अरुण सिंह, राजकुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।
विक्रमजोत प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र के कल्यानपुर में पंचायत अधिकारी अनूप मिश्रा व ग्राम प्रधान संजय यादव की अगुवाई में रैली निकाली गई। कोटेदार हेमंत कुमार पाण्डेय, आंगनबाड़ी मनभावती देवी, आशा, सरिता यादव, शिक्षामित्र सीमा पाण्डेय ने बताया कि गांवों में घूम-घूमकर लोगों को लोकसभा चुनाव 2019 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने व 12 मई को मतदान करने की अपील की। रैली में गांव के राजेश, राधेश्याम, कमलाकांत पाण्डेय, नौता देवी अशोका सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहेे।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर बाजार में छात्र छात्राओं ने रैली निकाली। लोकसभा चुनाव में मतदान करने की अपील की। बच्चों ने भ्रमण कर मतदान के प्रति जागरूक किया। संदेश दिया कि शत-प्रतिशत मतदान करने के बाद ही बाकी काम पूरा करें। बच्चों ने मतदान संबंधी नारे भी लगाए। प्रधान के पति राम कृपाल यादव ने सभी लोगों से कहा कि अपने गांव और मुहल्ले के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करें। तहसीलदार पवन कुमार, कानूनगो कौशल किशोर, लेखपाल हरिकेश चौरसिया, इन्दु नारायण, रानी, बीएलओ सरोज कुमारी, वंदना देवी, पुष्पा देवी, चन्द्र कला देवी, खण्ड शिक्षा अधिकारी राम बहादुर वर्मा, डॉ.प्रमोद कुमार सिंह, मनीषा द्विवेदी, कृति गुप्ता, अलका रानी, मुकेश कुमार, हरिश्चंद्र समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
ईवीएम वोटिंग से वीवीपैट में देख लें पर्ची
नगर बाजार। बहादुरपुर ब्लॅक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर बाजार में मतदाता जागरूकता के तहत अभियान चलाया गया। एसडीएम. श्रीप्रकाश शुक्ल ने लोगों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन से मतदान करने का तरीका बताया। मतदान की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए ईवीएम और वीवीपैट की खूबी समझाई। कहा कि इससे निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया होगी। मतदान करके शंकाओं को दूर किया साथ ही ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। इस दौरान छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
!
एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
महराजगंज। एसडीएम हर्रैया और सीओ कलवारी ने बृहस्पतिवार को कप्तानगंज थाना क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण किया। व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। ओझागंज, गोविंदपारा, खजुरिया मिश्र गांवों के मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। एसडीएम शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि मतदान करना देश के हर नागरिक का कर्त्तव्य है। इसके लिए सभी को सहयोग करना चाहिए। सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में किसी तरह से भी गड़बड़ी नहीं होने पाएगी। जो भी व्यवस्था में अराजकता या अशांति फैलाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बूथों की व्यवस्था सुधारने के लिये ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया। इस मौके पर कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक सतानंद पांडेय, एसआई सूर्यभान यादव महिला कांस्टेबल सहित कई लोग मौजूद रहे।