कड़े सुरक्षा पहरे में शिवालयों में जलाभिषेक आज
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। महाशिवरात्रि के मौके पर सोमवार को जिले के 108 मंदिरों पर जलाभिषेक होगा। इसके लिए श्रद्धालुओं ने खास तैयारी की है। उधर, शिवरात्रि पर भद्रेश्वरनाथ, तिलकपुर, कड़र खास आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग भी कराई गई है।
रविवार को डीएम डॉ. राजशेखर, एसपी पंकज कुमार के अलावा अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भद्रेश्वरनाथ मंदिर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम के अनुसार शिवभक्तों के सुविधा के लिए कई जगह बैरिकेडिंग कराई गई है। वाहनों के लिए अलग-अलग स्टैंड बनाए गए हैं। मंदिरों पर सफाई कार्य के लिए 120 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। व्यवस्था में सहयोग के लिए स्काउट गाइड के अलावा 20 अन्य स्वयंसेवकों को लगाया गया है। एसपी के मुताबिक कोतवाली थाने की पुलिस के अलावा जिले के विभिन्न थानों से एसआई, आरक्षी और महिला कांस्टेबल व दरोगा बुलवाकर भद्रेश्वरनाथ मंदिर पर तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती भी की गई है। बस्ती-फैजाबाद राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित तिलकपुर शिव मंदिर पर भी महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। यहां भी जलाभिषेक के साथ पूरे दिन मेले का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस मंदिर पर पूरे दिन एकत्र रहती है। मेले के मद्देनजर तैयारी पूरी कर ली गई है।