प्रशिक्षुओं ने पेश किए मॉडल, टॉपर सम्मानित
राजकीय पॉलिटेक्निक का दीक्षांत समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
मानिकचंद। राजकीय पॉलिटेक्निक के प्राविधिक शिक्षा के तत्वावधान में दीक्षांत समारोह का आयोजन बृहस्पतिवार को हुआ। यहां प्रशिक्षुओं के मॉडल ने सभी आगंतुकों को आकर्षित किया। समारोह में विद्यालय के टॉपरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सदर विधायक दयाराम चौधरी व विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य आईटीआई वीवी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इससे पहले पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य हरिओम वर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। तत्पश्चात विद्यालय की छात्रा प्राची नाग, सुष्मिता व साक्षी ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना को स्वर दिया। बच्चों ने राष्ट्रीय गीत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पौधरोपण व नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर बेहतरीन कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यालय के इलेक्ट्रानिक व मैकेनिकल आदि के प्रशिक्षुओं ने जेसीबी, सोलर पैनल, प्रदूषण रहित राकेट, विंड पावर प्लांट, कॉलेज वेबसाइट, ब्लैक लिस्ट फैन, टरबाइन, रोबोट, स्ट्रीट लाइट आदि के मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में विधायक ने बच्चों से तमाम जानकारियां भी हासिल कीं। कार्यक्रम के दौरान 2017-18 में सफल प्रशिक्षु नगमा, ज्योति पटेल, बृजेश शुक्ल को विधायक ने स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने ओवर आल टॉपर निधि मौर्या के अलावा फजल इमाम अंसारी, साधना चौहान को गोल्ड मेडल, सुषमा सिंह, पलक मिश्रा, अंकुर शर्मा को सिल्वर मेडल जबकि आदर्श तिवारी, आकाश चौधरी, राजीव मणि त्रिपाठी को ब्रांज मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीओम वर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी रमेश कुमार आर्य ने किया। इस मौके पर ओम प्रकाश, मनीष यादव, जीपी सिंह, गुलाबचंद पाटिल, आरपी भगत, तारकेश्वर प्रसाद आदि मौजूद रहे।