-----
21 अक्तूबर को अयोध्या कूच करेंगे कारसवेक : तोगड़िया
प्वाइंटर
उत्तर प्रदेश में 50-50 युवाओं की बनाई जा रही टीम
राम मंदिर अभियान में 20 करोड़ लोगों को जोड़ेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। अंतर्राष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि अगले वर्ष 21 अक्तूबर को बड़ी संख्या में कारसेवक लखनऊ से अयोध्या के लिए कूच करेंगे। पूरे देश में खासकर उत्तर प्रदेश में उन युवाओं की टीम बनाई जा रही है जो 50-50 लोगों को अपने साथ लेकर अयोध्या पहुंचेंगे। ये युवा ही वाहिनी प्रमुख होंगे।
डॉ. प्रवीण तोगड़िया गोरखपुर से लखनऊ जाने के क्रम में शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे हर्रैया तहसील क्षेत्र के डुहवा मिश्र गांव के रवि मिश्र के घर भोज कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां पहुंचे कार्यकर्ताओं को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कहा कि संगठन काशी, मथुरा और अयोध्या में मंदिरों के निर्माण का मांग कर रहा है। इसके साथ ही जो लोग अल्पसंख्यक होते हुए भी दो से अधिक बच्चे पैदा कर रहे हैं उनको अल्पसंख्यक श्रेणी से बाहर करने की भी मांग करेंगे। प्रदेश और केंद्र सरकार से मांग की कि किसानों को उपज की लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिलाया जाए जो अब तक नहीं मिल रहा है।
बताया कि संगठन मंदिर निर्माण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चला रहा है। 20 करोड़ लोगों को इससे जोड़ने की योजना है। पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद दो वर्ष तक मंदिर बनाने के आश्वासन पर चुप बैठा था। जब उन्होंने कहा कि संसद में कानून बनाकर ही मंदिर निर्माण होगा तो मंदिर निर्माण में शहीद कोठारी बंधुओं के साथ ही आठ करोड़ तीस लाख लोगों द्वारा मंदिर निर्माण में दिया गया चंदा, पूरी दुनिया में तीस करोड़ लोगों द्वारा शिलापूजन कर अयोध्या पहुंचाई ईंट आदि जनता के साथ धोखा है। यही कारण है कि उद्देश्य से भटकने के कारण संगठन छोड़ना पड़ा। शरीर छूट जाए तो भी राममंदिर निर्माण का एजेंडा नहीं छोड़ूंगा।
सरकार की पहल पर सदन में कानून बनाने के लिए नामी वकीलों से मजमून बना कर भी दिया गया था लेकिन उसपर भी अमल नहीं हुआ। मंदिर निर्माण के लिए मुखर होने वाले लोगों को तरह-तरह से यातनाएं दी गईं। नए सिरे से अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद मंदिर निर्माण के लिए समान विचारधारा के संगठनों व लोगों को एकत्र कर अभियान को सफल बनाएगा। इसी उद्देश्य से पूर्वांचल की यात्रा पर हूं। सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। इस मौके पर प्रदीप द्विवेदी, नर्वदेश्वर शुक्ल, रामसेवक, राजीव सहित बड़ी संख्या में मौजूद रहे।