बस्ती। देवरिया जिले के रुद्रपुर स्थित अपने घर जाने के लिए निकली पॉलीटेक्निक की छात्रा की बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। राजकीय पॉलिटेक्निक में मेकैनिकल इंजीनियरिंग की छात्रा विंध्यवासिनी चौरसिया का पैर रेलवे मालगोदाम के पास से गुजरते समय फिसल गया। इससे वह गिरकर आम्रपाली ट्रेन की इंजन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दाहिना पैर कट जाने और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर छात्रा के पास मिली मोबाइल के जरिए परिवार वालों को घटना की जानकारी दी गई। देवरिया जिले के रुद्रपुर के लाला टोली वार्ड निवासी दिनेश कुमार चौरसिया की पुत्री विंध्यवासिनी पॉलीटेक्निक कॉलेज से कुछ दूरी पर संजय कालोनी के अनारी भवन में किराए पर कमरा लेकर रहती थी। सोमवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने घर देवरिया जाने के लिए लौट रही थी।