बस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। जनपद के 401 विद्यालयों के 81,025 परीक्षार्थी 124 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल के 42196 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट के 38829 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 2,752 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र के हिसाब से 124 स्टेटिक और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक के हिसाब से बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे से हो रही है। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। प्रवेश पत्र या अन्य कोई गड़बड़ी होने पर प्रधानाचार्य डीआईओएस कार्यालय से संपर्क कर सही करा लेंगे।
रविवार को परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक के हिसाब से उनके बैठने की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर मोबाइल लाना परीक्षार्थियों और कक्ष निरीक्षकों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। मोबाइल फोन केंद्र के बाहर जमा करा लिए जाएंगेे। एक मोबाइल फोन होगा जो केवल केंद्र व्यवस्थापक कक्ष तक सीमित होगा।
परीक्षा के एक घंटे पहले केंद्र के स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा और परीक्षा समाप्त होने के एक घंटे बाद बंद कर दिया जाएगा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक की निगरानी में स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं निकाली जाएंगी। परीक्षा से पहले केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डिंग को जांचा गया।
परीक्षार्थियों को परीक्षा देने से न रोकें ः जिला विद्यालय निरीक्षक ने गूगल मीट कर परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा देने से न रोकें।
उसके प्रवेश पत्र में नाम या लिंग संबंधी गड़बड़ी होने पर दोनों पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संपर्क कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सही करा ले।