सीएमओ दफ्तर के लिपिक समेत आठ नए पॉजिटिव
बस्ती। सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक समेत आठ नए लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज से आई है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 419 हो गई है। छह संक्रमितों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि एक्टिव केस 58 हैं। अब तक 16 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 345 है। अब तक 16846 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। 15332 की रिपोर्ट मिल चुकी है। 1514 रिपोर्ट का इंतजार है।
उधर, जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। अब तक सीएमओ कार्यालय में दो डॉक्टर सहित कुल छह लोग संक्रमित पाए चुके हैं। इसके अलावा एक प्रशिक्षु एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। शहर के एक प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी के मैनेजर को भी कोरोना ने अपनी चपेट में लिया है। इन सभी कैली व रुधौली में भर्ती कराए जा चुके हैं। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के जिन कर्मियों व अधिकारियों में कोरोना का संक्रमण हुआ है, इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। डीएम के मुताबिक सभी की जांच कराई जा रही है, जो भी संक्रमित पाया जा रहा है उसे भर्ती कराकर उनके परिवार को क्वारंटीन किया गया है। कोरोना से अब तक जो भी मौतें हुई हैं वे पहले से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। फिलहाल सामान्य स्थिति में कोरोना से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।