पांडेय इंटर कॉलेज में आयोजित पीईटी परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थी संवाद
बस्ती। जिले के 34 केंद्रों पर रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 26,016 अभ्यर्थियों में से 20,138 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,878 अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति 77.41 प्रतिशत रही। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 13,008 अभ्यर्थियों में से 10,004 उपस्थित रहे, जबकि 3,004 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई। इसमें भी 13,008 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,134 ने परीक्षा दी और 2,874 अनुपस्थित रहे। पहली पाली के मुकाबले दूसरी पाली में 130 अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। सुबह आठ बजे से ही परीक्षार्थियों की इंट्री कराई गई। वहीं, द्वितीय पाली में एक बजे से इंट्री शुरू हो गई थी।
-
डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से देखी निगरानी व्यवस्था
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दूसरी पाली में सिविल लाइंस स्थित सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और किसान इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के जरिये हो रही निगरानी व्यवस्था देखी।
डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।