बिजली गिरने से मछली पकड़ रहे व्यक्ति की मौत
सोनहा थाने के डिडई माफी गांव के रहने वाले थे पतिराम गौतम
चिरई बुजुर्ग गांव के सीवान स्थित तालाब में लगा रहे थे कटिया
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। फैनी तूफान के प्रभाव से शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच बिजली गिरने से चपेट में आए मछुआरे की मौत हो गई।
सोनहा थाना क्षेत्र के डिडईमाफी गांव के 39 वर्षीय पतिराम गौतम घर से थोड़ी दूर स्थित चिरई बुजुर्ग गांव के तालाब में उस समय मछली के लिए कटिया लगाने गए थे। तेज हवा और बारिश के बाद भी जब पतिराम घर नहीं पहुंचे तो बच्चों ने खोजना शुरू किया। बड़ी बेटी लक्ष्मी खोजते हुए तालाब के पास पहुंची तो पतिराम अचेत अवस्था में पडे़ थे। कई बार बुलाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो वह रोती हुई अपने घर आकर पूरी जानकारी मां गुड़िया को दी। थोड़ी ही देर में गांव सहित आसपास के गांवों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना असनहरा चौकी इंचार्ज योगेश सिंह व प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा को दी। साथ ही तहसील प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में ले लिया। एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जो सहायता होगी दिलाई जाएगी।