डीएम ने भानपुर में निर्वाचन की तैयारियां परखीं
कंट्रोल रूम, एकल खिड़की, एफएसटी कक्ष आदि की व्यवस्था देखी
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. राजशेखर ने सोमवार को भानपुर तहसील में निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे तहसील पहुंचे डीएम ने एकल खिड़की सुविधा प्रणाली, ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में प्रगति, निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 के साथ एनजीआरएस से शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी जांच की। सभी 19 मामले निस्तारित पाए गए। तहसील परिसर में बने एफएसटी (फ्लांइट स्क्वॉड टीम) कक्ष को भी देखा। मौजूद लोगों से जानकारी ली। परिसर में बने मतदाता जागरूकता काउंटर पर ईवीएम और वीवीपैट मशीन से जन जागरूकता प्रगति की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम राजेश सिंह, तहसीलदार नवीन प्रसाद, राजस्व निरीक्षक हरिशंकर पाठक, बुद्धिसागर पाण्डेय, कृष्ण चन्द्र चौधरी सहित सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो
मनरेगा श्रमिकों से डीएम ने की मतदान के लिए अपील
रामनगर ब्लॉक के बगडीहा खास के करौत पहुंचे डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को डीएम राजशेखर ने रामनगर ब्लॉक के बगडीहा खास गांव के करौता मजरे पर चल रही तालाब खुुदाई देखने पहुंचे। जहां श्रमिकों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन से वोटिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मतदान के लिए जागरूक किया।
जिला अधिकारी ने श्रमिक महिलाओं और ग्रामीणों को आगामी 12 मई को लोकसभा चुनाव में बूथ पर जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इस बार मतदान दिवस को लोग महापर्व (एक उत्सव) के रूप में मनाएं और परिवार के साथ वोट करें। जिला विकास अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान दिवस के दिन यह प्रयास रहे कि घर से बाहर रह रहे लोग भी आकर अपना वोट कर सकें। परियोजना निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी का मतदान करना आवश्यक है। एसडीएम राजेश सिंह ने कहा कि महिला मतदाताओं को विशेष तौर पर मतदान में अपनी सहभागिता निर्धारित करानी होगी। बताया कि पूर्व के लोक सभा चुनाव में इस बूथ पर मात्र 45 प्रतिशत ही मतदान होना पाया गया है जो काफी कम है। ऐसे में इस बार 12 मई को शत-प्रतिशत वोट करने की अपील की। डीएम की टीम ने बूथ की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर तहसीलदार नवीन प्रसाद, बीडीओ हरिश्चन्द्र, एडीओ पंचायत नवनीत मिश्रा, प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष गंगाराम यादव, ब्लॉक अध्यक्ष परमहंस शुक्ल, राम भवन मौर्य, मनोज कुमार सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
खास खबर....
जिले में अवैैध असलहों को लेकर पुलिस की टेंशन बढ़ी
पिछले चुनावों में पकड़ी जा चुकी है अवैध तमंचों की खेप
लालगंज के छप्पर में, कप्तानगंज के किराए के घर में बनाते रहे शस्त्र
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकतंत्र महोत्सव यानी लोकसभा चुनाव में अवैध शस्त्र समस्या पैदा कर सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग की सख्ती ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। उसके खुद के पिछले रिकॉर्ड बताते हैं कि जिले में अवैध असलहों के कई कारोबारी लंबे समय से सक्रिय हैं। नेपाल से सटा होने और बिहार के मुंगेर से बेहतर आमदरफ्त होने की वजह से माना जाता है कि पूर्वांचल भर के अवैध शस्त्र कारोबारियों के यहां अड्डे हैं। इसके बावजूद लोक सभा चुनाव में पुलिस बड़ी बरामदगी करने में नाकाम है। अंदरखाने इसे लेकर काफी छटपटाहट है लेकिन पुलिस फिलहाल असमर्थ है। एसपी पंकज कुमार के मुताबिक पुलिस लगातार अवैध शस्त्र के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी का नतीजा है कि कारोबारी हिम्मत नहीं जुटा रहे। टीमें अवैध शस्त्र, अवैध शराब ही नहीं अपितु अन्य तमाम अवैधानिक वस्तुओं पर लगातार निगरानी कर रही हैं। पिछले वर्षों में उक्त अपराध में पकड़े गए दूसरे बदमाशों की मौजूदा नवैयत पता कराई जा रही है।
सक्रिय हैं गोलू बिहारी के गुर्गे
27 जुलाई 2018 को स्वाट टीम के चंगुल से भागा गोलू बिहारी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। लालगंज थाने के भक्तूपुर गांव के छप्पर में उसका असलहे बनाने का अड्डा था। विभिन्न बोर के निर्मित-अर्धनिर्मित तमंचे, फैक्ट्री मेड पिस्टल, बारूद भरे खोखे और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए थे। गोरखपुर बेलघाट के एकौना बुजुर्ग का विवेक सिंह पकड़ में आया लेकिन उसका मुख्य साथी गोलू बिहारी अंधेरे का लाभ लेकर भागने में कामयाब रहा। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस ने कप्तानगंज कस्बे के एक अर्धनिर्मित मकान में दबिश देकर कट्टा, रिवाल्वर, पिस्टल आदि बनाने का कारखाना पकड़ा गया था।
यह रही बड़ी बरामदगी
27 जुलाई 2018 को क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने लालगंज थाने के भक्तूपुर गांव के छप्पर में असलहों का कारखाना पकड़ा था।
विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस ने कप्तानगंज कस्बे के एक अर्धनिर्मित मकान में दबिश देकर कट्टा, रिवाल्वर, पिस्टल आदि बनाने का कारखाना पकड़ा गया था।
13 फरवरी 2017 को पकड़े गए बावरिया गिरोह के डकैतों के पास से भारी मात्रा में असलहे बरामद हुए थे। जो एक सप्लायर ने मुहैया कराया था।
बीते तीन वर्ष में शस्त्र अधिनियम के साढ़े चार सौ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हुए है, जिनमें 90 फीसद विभिन्न बोर के अवैध तमंचे, (रिवाल्वर-पिस्टल)
फोटो
चाय की चुस्कियों के बीच बनाए जा रहे हैं प्रत्याशी
अभी तक पार्टियों ने नहीं उतारे हैं अपने प्रत्याशी
गठबंधन में साफ हुए सपा और कांग्रेस के दावेदार
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। बस्ती लोकसभा सीट पर मतदान अभी 12 मई को होना है। गठबंधन में जनपद के सपाइयों और कांग्रेसी दावेदारों को तगड़ा झटका लगा है। क्योंकि यह सीट बसपा और जन अधिकार पार्टी के खाते में गई है। भाजपा की ओर से अभी नामों पर कयासबाजी का दौर है। लेकिन चाय, पान की दुकानों पर संभावित प्रत्याशियों का आकलन भी शुरू हो गया है।
सोमवार को गौर बाजार में इंद्राज यादव की चाय के दुकान पर कस्बाई पुरोधाओं का जमावड़ा था। चाय की चुस्कियों के बीच कुछ लोग चुनावी चर्चा कर रहे थे। दुकान के अंदर आठ से 10 की संख्या में बैठे लोग अखबार की प्रति और चाय की चुस्कियों पर अपने विचार थोप रहे थे। बुढौवा गांव के बिंदु यादव, मिरवापुर के शत्रुघन शुक्ल, गौर गांव के मनोज कुमार चर्चा कर रहे थे कि चुनाव के समय हर पार्टी के नेता दरवाजे पर आकर सम्मान करते हैं और हर संभव विकास और मदद का वादा करते हैं। लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई लौट कर नहीं आता। ऐसे में प्रत्याशी कोई भी बनाया जाए इसका फर्क क्या पड़ता है। कुछ लोग तो सीधे पार्टियों के मुकाबले पर ही वोटों की गणित समझा रहे थे। जिसमें गठबंधन और भाजपा को ही मुख्य धारा में शामिल बता रहे थे। गठबंधन ने बसपा के धुरंधर को प्रभारी घोषित किया है जबकि भाजपा प्रत्याशी पर कयासबाजी चल रही है। सिद्धौर गांव के राम कुमार वर्मा, केसरई के चिंता यादव, बुढ़ौवा के कमल प्रसाद, तिंछबाबू के राजेश कुमार आदि अपने अपने ढंग से चुनाव का विश्लेषण कर रहे थे । तभी हाथ में चाय लिए रामकुमार वर्मा व चिंता यादव ने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी का वोट प्रतिशत इस बार कुछ ज्यादा लग रहा है। जबकि राजेश कुमार, शत्रुघन शुक्ल, चाय दुकानदार इंद्राज यादव कहते हैं कि कुल मिलाकर लड़ाई भाजपा से ही होगी। देश में धर्म और पुलवामा में शहीदों पर लोगों की रुझानों पर चर्चा हुई लेकिन फायदा किसे कितना होगा इस सब चुनावी बयार पर छोड़ देते हैं।
आमजन कार्यालय पहुंचें तो मतदान के लिए प्रेरित करें
बस, रेलवे स्टेशन, बैंक, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों पर करें जागरूक
जागरूकता रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराने का डीएम ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से हर नागरिक को जागरूक करने का प्रयास चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिला अधिकारी ने सोमवार को निर्देश दिया कि सरकारी दफ्तर आने वालों के अलावा बस, रेलवे स्टेशन, बैंक, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों पर जागरूकता रजिस्टर रखा जाए। जिसमें उस मतदाता का हस्ताक्षर भी कराया जाए जिसे प्रेरित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजशेखर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को उक्त निर्देश दिए हैं। कहा है कि रजिस्टर में हस्ताक्षर कराया जाए कि बस्ती लोक सभा के 12 मई 2019 के चुनाव में हम भाग लेंगे। इसकी सूची जिला विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी (स्वीप) के ई-मेल और व्हाट्सएप नं0-9454464716 पर उपलब्ध कराने को कहा है। महाविद्यालयों के प्राचार्य, व्यापार मण्डल, उद्योग बन्धु आदि के पदाधिकारियों से भी मतदान के लिए संकल्प को बढ़ाने के लिए सहयोग की अपील की है।
दो मतदेय स्थलों में परिवर्तन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि दो मतदेय स्थलों में परिवर्तन किया गया है। 140 प्राथमिक विद्यालय कटरा, आंशिक को 140 गांधी कला भवन कटरा में, तथा 141 प्राथमिक विद्यालय कटरा को 141 गांधी कला भवन के मतदेय स्थल में शामिल किया गया है।