गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली को लेकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
दुबौलिया। गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली होने पर शुक्रवार को थाना क्षेत्र के रमवापुर राजा गन्ना तौल केंद्र पर किसानों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि प्रति ट्रॉली गन्ना मे डेढ़ से दो क्विंटल की घटतौली की जा रही है।
सुबह किसान अजय वर्मा गन्ना रमवपुर राजा क्रय केंद्र पर तौल कराने के लिए ट्रॉली लेकर आए। इसे तौल कराने पर 27 क्विंटल 20 किलो गन्ने का वजन आया। संदेह होने पर उन्होंने ट्रॉली पर लदा गन्ना उतार दिया और हाथ कांटे से तौल कराया, जिससे उसका वजन 28 क्विंटल 92 किलो निकला। यह देखकर वहां मौजूद किसान नाराज हो गए और मिल पर घटतौली कराने का आरोप लगाते हुए गन्ना तौल कराने से मना कर दिया। किसान सालिक राम, ओम प्रकाश, सुरेंद्र वर्मा, विजय चंद्र, राम अर्जुन, राधेश्याम वर्मा, रामबली और बृजेश आदि किसानों का आरोप था कि बभनान गन्ना मिल किसानों का प्रति पर्ची डेढ़ से दो क्विंटल घटतौली कर रहा है। कहा कि पिछले सप्ताह भी इसी क्रय केंद्र पर धर्म कांटा से तौल करने पर और तौल केंद्र पर तौलने पर दो क्विंटल की घटतौली मिली थी। कांटा बाबू के तौल उपकरण ठीक कराने के आश्वासन पर किसान मान गए थे। बावजूद इसके कांटा सही नहीं कराया गया। किसानों के हंगामे की सूचना पर पहुंचे गन्ना सीडीओ श्रवण मिश्रा ने बताया कि कांटा सही कराने के लिए मिल से टेक्नीशियन को बुलाया जा रहा है, जिसे सही किया जाएगा।