गरीबों, किसानों की उपेक्षा कर रही सरकार
सपा का बूथ व कार्यकर्ता सम्मेलन
आम लोगों के प्रति संवेदनहीन है योगी सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। भाजपा श्रीराम के नाम पर वोट मांगती है। सत्तासीन योगी सरकार गरीबों, नौजवानों व किसानों की उपेक्षा कर रही है। सपा शासनकाल में माझा क्षेत्र को जो विकास हुआ था उसके बाद पहिया थम गया है। आम लोगों के प्रति योगी सरकार संवेदनहीन है। इस सरकार में सभी रोजगार व उद्योग धंधे ठप पड़ गए हैं। ये उद्गार पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह ने व्यक्त किए। वह बुधवार को ब्लॉक के देईडीहा गांव में आयोजित सपा विधान सभा क्षेत्र कप्तानगंज के बूथ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओ के सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
बस हादसे में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सपा की सत्ता होती तो मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच करोड़ रुपये अहेतुक सहायता दी जाती। अब समय आ गया है जब आम जन अपने अधिकार का प्रयोग कर इस सरकार को उखाड़ फेंके। सपा नेता सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि सत्तासीन भाजपा सरकार में गरीबों व पीड़ितों की सुनवाई नहीं हो रही है। पारा गांव में हुए नाव हादसे को याद करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में तीन मृतकों के आश्रितों को आज भी मुआवजा नहीं मिला। जिलाध्यक्ष राज कपूर ने कहा बूथ स्तर से ही संगठित हो ताकि आने वाले चुनाव में इस किसान विरोधी सरकार को हटाया जा सके। पूर्व जिलाध्यक्ष राजाराम यादव ने कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रदेश की राजधानी में एक नौकरी पेशा व्यक्ति पुलिस की गोली का शिकार हो जाता है, जिस पर भी प्रदेश सरकार ने कार्रवाई में देरी की है। सपा नेता बृजकिशोर सिंह डिंपल ने कहा इस सरकार में किसान परेशान हैं किसानों की आय दोगुनी कर देने का दावा सिर्फ घोषणा बन कर रह गयी। कार्यक्रम को सुमन सिंह, राम ललित चौधरी, महेंद्र यादव, कृष्ण चंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता सूरज यादव व संचालन समीर चौधरी ने किया। इस मौके पर अयाज अहमद, मोहम्मद स्वाले, पिंटू सिंह, रमेश चौबे, राजेश यादव, आदित्य यादव, रमेश यादव आदि मौजूद रहे।
बैठक
पार्टी की मजबूती को सदस्यता बढ़ाएं
भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। आसन्न लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन के साथ चुनावी पार्टियां भी अपनी कमर कस रही हैं। जिसके क्रम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्येक जिले के जिलामंत्री को जिला सदस्यता प्रभारी घोषित करते हुए पार्टी में कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बुधवार को आयोजित बैठक में भाजपा जिला सदस्यता प्रभारी/जिला मंत्री रवि सिंह ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही एक पार्टी की रीढ़ होता है। जितनी अधिक संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे, पार्टी का आत्मविश्वास व बल उतना ही मजबूत होगा। वर्तमान में पार्टी के सदस्य एवं कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे सभी का दायित्व है कि वह अपने साथ अन्य लोगों को भी पार्टी के सदस्य के रूप में जोड़ने के लिए प्रयास करें। कहा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का यह निर्देश है कि प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 50 लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएं। इस मौके पर मीडिया प्रभारी अभय सिंह वर्मा, जिला मंत्री करुणा सिंह, चतुर्गुन राजभर, सतिराम चौधरी भाजयुमो से विनय यादव, राकेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।