रुधौली (बस्ती)। रुधौली द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य हाजरुन्निशा के निधन के बाद रिक्त हुए सीट पर शनिवार को मतदान होना है। चुनाव आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इसमें क्षेत्र के 25 गांव के कुल 34 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस सीट के लिए सपा-बसपा गठबंधन की ओर से नजमुन्निशा, भाजपा की ओर से राजकुमार चौधरी एवं निर्दल प्रत्याशी के रुप में बाल्मीकि शुक्ला, अशोक कुमार व सूर्यकांत दूबे मैदान में हैं।
इसके लिए शुक्रवार को स्थानीय ब्लॉक कार्यालय से कुल 25 मतदान केंद्रों के 55 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई है। उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए एक जोनल, तीन सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा प्रशासनिक मशीनरी की ओर से चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस के उच्चाधिकारियों समेत लगभग 1500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने रुधौली द्वितीय के मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय लेदवा के चार, हनुमानगंज के तीन व खंभा के दो बूथों को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। इसके साथ प्राथमिक विद्यालय पड़रिया, मैनी व पुरैना मतदान केंद्रों के सभी बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में हैं, शेष 40 बूथों में 32 बूथ संवेदनशील की श्रेणी में दर्ज है। निर्वाचन अधिकारी एडीएम आरडी पांडेय ने मतदाताओं को चुनाव के दौरान मजबूत कानून व्यवस्था एवं निष्पक्ष होकर मतदान करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने मोबाइल नंबर 9454445902 को जारी किया है। कहा कि शनिवार को होने वाले मतदान में यदि किसी भी बूथ या मतदान केंद्र के भीतर या आसपास कोई भी संवेदनशील गतिविधि नजर आती हैं तो बिना समय गवाएं उक्त नंबर पर उसकी जानकारी अवश्य दें।