फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फोटो... अयोध्या से भदेश्वरनाथ तक फोरलेन पर बमबम

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो...
विज्ञापन

अयोध्या से भद्रेश्वरनाथ तक फोरलेन पर बमबम
60 घंटे भगवान भोले-शंकर के भक्तों की आवाजाही रहेगी
फैजाबाद से पहले भारी वाहनों का प्रवेश निषेध
नौ अगस्त दोपहर बाद पश्चिम से दी जाएगी ढील
पौराणिक कांवड़ मेले में पांच लाख से ज्यादा भीड़ उमड़ने का अनुमान
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। कांवड़िए श्रावण मास के तेरस को भद्रेश्वरनाथ में जलाभिषेक के लिए निकल पड़े हैं। ज्यादातर कांवड़िए अयोध्या के नए घाट से पवित्र सरयू का जल भरकर पौराणिक भद्रेश्वरनाथ में जलाभिषेक करेंगे। गत वर्षों की अपेक्षा कम रोक-टोक की वजह से इस बार कांवड़ यात्रियों की तादाद में बढ़ोत्तरी होगी। इसे देखते हुए प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। लगभग 60 घंटे तक भोले भक्त फोरलेन से लेकर पूरे रूट पर विचरण करेंगे। उनके झुंड के बीच कोई न आने पाए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के खास निर्देश पर एडीजी दावा शेरपा से लेकर कमिश्नर अलका टंडन भटनागर, डीआईजी डॉ. राकेश शंकर, डीएम डॉ. राजशेखर, एसपी दिलीप कुमार, सीडीओ अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारियों तक 24 घंटे नजर बनाए हुए हैं। डीआईजी ने बताया कि पुलिस फोर्स ने तय प्वाइंट पर मोर्चा संभाल लिया है। हाईवे पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस है। एक तरफ की टू लेन कांवड़ियों को दे दी गई है। दूसरी तरफ से वाहन आ जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते प्रशासन समय से पहले हाईवे बंद करने पर विचार कर रहा है। डीएम डॉ. राज शेखर ने बताया कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सक्रियता बढ़ा दी गई है। कोशिश है कि आवागमन और कांवड़ यात्रियों में किसी को ज्यादा असुविधा न होने पाए। प्रशासन ने इसके लिए जन-सामान्य से सहयोग की अपील की है।
विज्ञापन


फोटो...
मस्ती में ‘तांडव’ किए तो एफआईआर तय
चिह्नित किए जा रहे हुड़दंग मचाने वाले कांवड़िए
खुफिया इनपुट के चलते एहतियातन सुरक्षा का बढ़ाया गया दायरा
द्विअर्थी गीत बजाकर रोड पर थिरकना भी महंगा पड़ सकता है
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। भगवान भोलेनाथ की भक्ति के जोश में होश खोए तो फजीहत तय है। जरा सा भी नियम-अनुशासन तोड़े तो भूतनाथ की कृपा बाद में मिलेगी, कानून के फंदे में फंसने का इंतजाम पहले हो जाएगा। क्योंकि इंटेलीजेंस के इनपुट पर अलर्ट सुरक्षा एजेंसियों की जीरो-टालरेंस चौकसी पॉलिसी में ढील की गुंजाइश जरा भी नहीं होगी। कोशिश है कि अयोध्या से लेकर भद्रेश्वनाथ के बीच सभी कांवड़ियों की तस्वीर कैमरे में आ जाए।
डीएम डॉ. राजशेखर और एसपी दिलीप कुमार का कहना है कि जो कांवड़िए नशे में धुत होकर हुड़दंग करते हैं, उन पर खास नजर रहेगी। डीजे पर द्विअर्थी गीत बजाने वाले भी निशाने पर हैं। कांवड़ के बहाने चकमा देने की कोशिश नाकाम करने के लिए गेरुआ वेश में पुलिस जवान भी कांवड़ लेकर निकलेंगे। हाईटेक कैमरों से वे भीड़ की हरकत रिकॉर्ड करेंगे। कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देजनर पुलिस ने गश्त के विशेष प्रबंध किए हैं। जिन मार्गों पर कांवड़िए गुजरेंगे, उन मार्गों पर पुलिस लगातार निगरानी एवं गश्त करेगी।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जहां भी जरूरत होगी कांवड़ियों को पैदल चलने के लिए अलग से सुरक्षित मार्ग उपलब्ध करवाने के प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए पुलिस कर्मचारियों की भी सादे वेश में तैनाती की गई है। ताकि कोई भी असामाजिक तत्व कांवड़ियों के भेष में किसी तरह से कानून व्यवस्था व शांति भंग करने की कोशिश न कर पाए।
सड़क हादसों में चार कांवड़िए घायल
नगर और हर्रैया थाना क्षेत्रों में हुईं दुर्घटनाएं
सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के हैं तीन घायल
बगैर हेलमेट एक ही बाइक से जा रहे थे जल लेेने
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/हर्रैया। फोरलेन पर वाहनों की चपेट में आने से दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार कांवड़िए घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। तीन कांवड़िए सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के हैं।
पहली घटना सोमवार की भोर में नगर थाना क्षेत्र के गोटवा बाजार के पास हुई। एक ही बाइक से अयोध्या जा रहे तीन कांवड़िए किसी वाहन की चपेट में आ गए। दुर्घटना में घायल कावंड़ियों की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के धोभा गांव के झिनकू (30), छोटा भाई रामधनी (25) और गांव के धनराज (32) के रूप में हुई है। तीनों एक ही बाइक से बगैर हेलमेट रविवार की देर रात सरयू से जल लेने के लिए अयोध्या जा रहे थे। तीनों घायल अवस्था में डिवाडर पर पड़े थे। फोरलेन से गुजर रहे सीओ कलवारी अरविंद कुमार वर्मा ने तीनों घायलों को सरकारी गाड़ी में लादकर सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दूसरी घटना हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला के निकट हुई। सोनहा थाना क्षेत्र के मझारी गांव के रामू कांवड़ का जल लेकर सोमवार को अयोध्या से लौट रहे थे। बाबा भद्रेश्वरनाथ में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे थे। जैसे ही हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला गांव के निकट पहुंचे तभी तेज रप्तार बाइक सवार ने ठोकर मार दी। इससे रामू (40) गम्भीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने रामू को सीएचसी हर्रैया पहुंचाया। बाद में रामू को एक टेंपो से फुटहिया चौकी पहुंचाया। चौकी पुलिस ने घायल रामू को जिला अस्पताल भेजवाया।
बाइक की चपेट से कांवड़िया घायल
छावनी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौकड़ी टोल प्लाजा के पास कांवड़िया बाइक की चपेट में आ गया। राहगीरों की सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया में भर्ती कराया गया है। जनपद के सोनहा के बनराही जंगल निवासी दिनेश कुमार यादव (20) अयोध्या से जल भरकर बस्ती की तरफ जा रहे थे। सोमवार को दिन में करीब 11 बजे हाईवे पर दूसरी लेन जो खुली थी, उस पर चले गए। इसी बीच छावनी की तरफ जा रहे बाइक सवार की ठोकर लग गई। दिनेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी हर्रैया में भर्ती कराया गया है।

अयोध्या पुल से गिरा कावड़िया पुलिस ने बचाया
कप्तानगंज क्षेत्र के रानीपुर के सतीराम के साथ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो।
महराजगंज। जलाभिषेक के लिए कांवड़ लेकर अयोध्या के सरयू पुल पहुंचे कांवड़ यात्री सतीराम अनियंत्रित होकर पुल से नदी में गिर गए। सरयू नदी के तट पर मौजूद पुलिस और गोताखोरों की चौकसी तत्काल नदी से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सतीराम सोमवार को कांवड़ का जल लेने के लिए अयोध्या रवाना हुए थे। सोमवार शाम करीब चार बजे वह अयोध्या के सरयू पुल पर जल लेने के लिए खड़े थे। अचानक अनियंत्रित होकर वह पुल से नीचे गिर गए। उफनाई नदी में कांवड़ यात्री के गिरते ही चौकन्नी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गोताखोरों के साथ पहुंच गए। हालांकि, सतीराम डूबे नहीं थे। तत्काल मोटरबोट के सहारे पहुंचे गोताखोर डूबते पतिराम को बचा लिए। इसके बाद अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया है। अयोध्या कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कांवड़िए की हालत में सुधार है। डॉक्टरों के मुताबिक वह खतरे से बाहर है।


नीलगाय से टकराकर दरोगा घायल
बनकटी । लालगंज थाने के एसआई राजेश तिवारी भद्रेश्वरनाथ में मेला ड्यूटी के लिए अपनी बाइक से सोमवार को निकले थे। जैसे ही महादेवा चौराहे से आगे बढ़े कि सामने से एक नीलगाय सड़क क्रॉस करने के दौरान टकरा गई। नीलगाय के टकराने से अनियंत्रित हो होकर वह बाइक समेत दूर जाकर गिरे। हेलमेट भी छिटक कर दूर चला गया, जिससे सिर में भी चोट लगी है। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मदद में पहुंच गए। तत्काल बनकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत सामान्य बताया है।


पीएचसी की ओर से लगेगा चिकित्सा शिविर
सल्टौआ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ-गोपालपुर की ओर से बंगलवा चौराहे पर बुधवार को चिकित्सा शिविर लगेगा। मंगलवार देर शाम तक कावड़ियों का जत्था महादेव शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए यहां बंगलवा चौराहे पर अयोध्या से जल लेकर पहुंचता है। प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए कांवड़यात्री यहीं विश्राम करेंगे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ सचिन ने बताया पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेडिकल कैंप लगाकर कांवड़ियों की सेवा की जाएगी।
भद्रेश्वर नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण
बस्ती। सदर विधायक दयाराम चौधरी ने सोमवार को भद्रेश्वर नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। तेरस को जलाभिषेक कार्यक्रम को देखते हुए भद्रेश्वरनाथ मंदिर के आसपास फैली गंदगी पर जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल मंदिर के आसपास सफाई कराई जाए। ताकि भक्तों को असुविधा न हो। इस मौके पर अंकुर श्रीवास्तव, जगदम्बा चौधरी, श्याम भवन चौधरी, लल्लू राजू चौधरी, अजय कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार पांडेय, रमेश कुमार गुप्ता, आशीष चौधरी, सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन


पहुंचने लगे कांवड़िए, अवैध कट बरकरार
विक्रमजोत। पौराणिक कांवड़ यात्रा के लिए भोले के भक्त निकल पड़े हैं। लेकिन अवैध कट उनके लिए आफत है। सोमवार को एक कांवड़िया बाइक की चपेट में आकर घायल भी हो गया। प्रशासन भारी-भरकम पुलिस सुरक्षा व सुविधाओं के तमाम जरूरी प्रबंध करने में लगा है लेकिन फोरलेन पर अवैध कट बरकरार है। अवैध कट से निकले वाले वाहनों से हादसे और बवाल भी होते हैं। पिछले साल बैरिकेडिंग कर दी गई थी। विक्रमजोत, छावनी, खतमसराय, पटखापुर, पचवस और खेसुआ सहित बबूरहवा आदि दर्जनों चौराहों पर हाईवे का डिवाइडर तोड़ कर अवैध तरीके से लोगों ने रास्ता बना लिया है। विक्रमजोत पुलिस चौकी से महज सौ मीटर दूरी पर फोरलेन पर गांजे की दुकान पर शौकीनों की भीड़ पुलिस की सक्रियता पर भी प्रश्न चिह्न लगा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें