अरविंद कुमार पांडेय ने सीडीओ का कार्यभार ग्रहण किया
बस्ती। सीडीओ को लेकर पिछले एक हफ्ते से चल रही असमंजस की स्थित बुधवार को उस समय समाप्त हो गई जब नवागत सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने पदभार ग्रहण कर लिया। यह पिछले एक हफ्ते से तबादला आदेश लेकर जिले में घूम रहे थे। तत्कालीन सीडीओ का तबादला आदेश न आने के कारण अरविंद पांडेय को कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जा रहा था। कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने बताया कि फरियादियों के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। समस्याओं का निस्तारण समय से करने का प्रयास रहेगा।
बलिया के रहने वाले अरविंद कुमार पांडेय वर्ष 1996 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। यहां आने से पहले ये शासन में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। एसडीएम के रूप में यह सिर्द्घाथनगर के बांसी, इटवा व डुमरियागंज में अपनी लंबी सेवा दे चुके हैं। अखबार की खबरों को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे शासन और प्रशासन को ऐसी जानकारी मिलती रहती है, जो उसके अफसरों को मालूम नहीं रहती है। बताया कि हर वक्त फरियादियों के लिए दरवाजा खुला रहेगा। कार्यालय से लेकर आवास तक उनकी बात सुनी जाएगी और प्रयास रहेगा कि उसका निस्तारण भी समय से हो जाए। बताया कि विकास के मामले में जिले को सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।