10,661 से 23,740 हजार रुपये प्रतिमाह का मिला पैकेज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कटरा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में बृहस्पतिवार को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन हुआ। इसमें 250 रिक्त पदों के सापेक्ष 97 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 91 अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों की ओर से 10,661 से 23,740 हजार रुपये प्रतिमाह का पैकेज दिया।
कैंपस प्लेसमेंट में अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण/शिशिक्षु) पुरुषोत्तम मिश्र ने कहा कि सरकार सबको हुनर-सबको काम योजना संचालित कर रही है। इसे सार्थक बनाने की दिशा में हर माह कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है। नोडल प्रधानाचार्य सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को आसानी से रोजगार मिल जाता है।
प्लेसमेंट प्रभारी अश्विनी कुमार दुबे ने बताया कि डिक्सान टेक्नोलॉजी, भारत शीट लिमिटेड, एक्साइड इंडस्ट्रीज, राने एनएसके स्टीयरिंग, जेबीजे कंपनी व असाही इंडिया ग्लास लिमिटेड ने कैंपस प्लेसमेंट में हिस्सा लिया। इस मौके पर अरविंद कुमार, हनुमान प्रसाद मिश्र, उमारमण त्रिपाठी, मंगलमूर्ति पाठक, राजेश कुमार उपाध्याय, नंद मोहन सिंह, हरिशंकर, राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।