महिलाओं के लिए शहर में बन रहा पिंक टॉयलेट
गांधीनगर से शुरुआत, खर्च होंगे साढे़ चार लाख
पांच सीट के टॉयलेट में नहाने की भी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। अर्से बाद नगर पालिका की ओर से महिलाओं को एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। शहर के मुख्य बाजार गांधीनगर में आने पर सबसे बड़ी दुश्वारियां टॉयलेट की झेलनी पड़ती थी। महिलाओं की सहूलियतों के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुुका है।
शहर में महिलाओं के लिए अलग टॉयलेट नहीं था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। लेकिन अब उनके लिए पक्के बाजार गांधीनगर में पिंक शौचालय बनाया जा रहा है। लंबे समय से महिलाओं के लिए इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी। नगर पालिका ने इसको गंभीरता से लिया और गांधीनगर क्षेत्र में पिंक शौचालय बनाने का निर्णय लिया। इसके बाद अन्य मुख्य बाजारों में भी महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की सुविधा होगी।
निर्माण में खर्च होंगे साढे़ चार
पिंक शौचालय एक दम अत्याधुनिक बनेगा। शौचालय के निर्माण पर करीब साढ़े चार लाख रुपये खर्च होंगे। पांच सीट का शौचालय होगा। इसकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी। इसी के साथ ही इसमें हैंडवॉश सहित अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा
नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्र कहती हैं वह स्वयं एक महिला हैं, अध्यक्ष निर्वाचित होने से पूर्व उन्होंने इसकी कमी महसूस की थी, जिसे अब पूरा कर रही हैं। कहती हैं कि एक बनकर तैयार हो जाए। इसके बाद इसी तरह और भी शौचालय बनवाए जाएंगे।
अधिकारी की सुनिए
पिंक टॉयलेट पर नगर पालिका के ईओ डॉ मणिभूषण तिवारी कहते हैं कि शहर में इस तरह के टायलेट की आवश्यकता थी, महिलाओं की सुविधाओं के लिए ही पिंक टॉयलेट बनवाया जा रहा है। इसमें पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा।