137 मामलों में से 16 का निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस: भानपुर में लंबित मामलों के निपटाने में लापरवाही पर सीडीओ नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। संपूर्ण समाधान दिवस की एक और औपचारिकता बुुधवार को पूरी हो गई। रुधौली में आयोजित सहित अन्य तहसीलों में पंजीकृत 137 मामलों में मात्र 16 का निस्तारण हुआ। शेष में तारीख दे दी गई। अनिर्णित मामलों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया। हालांकि, भानपुर तहसील दिवस में सीडीओ अरविंद पांडेय ने लंबित मामलों में लापरवाही पर नाराजगी जताई और समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए। दूसरी ओर मुख्य रूप से रुधौली तहसील में डीएम डॉ. राजशेखर व नवागत एसपी पंकज कुमार की मौजूदगी रही।
रुधौली प्रतिनिधि के अनुसार डीएम व नवागत एसपी की मौजूदगी में कुल 53 मामले पंजीकृत हुए। इन्हें सुनने के बाद अधिकारियों ने पांच मामलों का निस्तारण किया। इस दौरान सरकारी जमीन पर कब्जा की शिकायत व राजस्व निरीक्षक के लिप्त होने का मामला भी अधिकारियों सामने उठा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। सदर तहसील में सीआरओ आरडी पांडेय की अध्यक्षता में 38 मामले पंजीकृत किए गए। इनमें से सात का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के जिम्मेदारों को सौंपा गया। इस मौके पर एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल, तहसीलदार पवन कुमार जायसवाल, सीओ सिटी आलोक सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस के लंबित मामलों को देखकर सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने कड़ा एतराज जताया। संबधित विभाग को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। यहां उल्लेखनीय है कि पिछले संपूर्ण समाधान दिवस पर राजस्व, विकास, कृषि, पंचायतीराज, समाज कल्याण और सरयू नहर विभाग से जुड़े कुल 13 मामले लंबित थे। उन्होंने विकास विभाग से जुडे़ मामलों के त्वरित निस्तारण के लिये बीडीओ सल्टौआ और एडीओ पंचायत रामनगर को निर्देश दिए। सीडीओ ने लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 46 मामले दर्ज किये गए, जिसमें से राजस्व के चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सीडीओ ने ग्राम पंचायत सगरा में खराब ईंट का प्रयोग कर बनाई जा रही इंटरलॉकिंग की शिकायत को गंभीरता से लेते हुये बीडीओ रामनगर को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही बढ़या लाल सिंह में बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र को पूरा कराने के निर्देश भी बीडीओ को दिए। इस मौके पर एसडीएम राजेश सिंह, तहसीलदार नवीन प्रसाद, बीडीओ सल्टौआ मंजू त्रिवेदी, सीडीपीओ रामनगर दिलीप वर्मा, बीईओ रामनगर अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।