शासन की 33.50 करोड़ के प्रस्ताव पर वित्तीय स्वीकृति
अमृत योजना में शहर में पेयजल योजना का होगा विस्तार
शहर में बिछेगा 76 किलोमीटर पाइप लाइन व अन्य सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण को लेकर जल निगम के प्रस्ताव को अमृत योजना में शासन ने शामिल किया था। योजना पर पखवाड़ा भर पूर्व शासन ने मुहर लगाई थी। इसके बाद वित्तीय स्वीकृति के लिए फाइल लंबित रही, मगर अब शासन की इस प्रस्ताव पर वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। यानी अब अमृत योजना में शहरी पेयजल योजना के विस्तारीकरण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जल निगम के सहायक अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि योजना पर वित्तीय स्वीकृति के बाद अब निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अगले वित्तीय वर्ष में योजना से शहर आच्छादित हो जाएगा।
अमृत योजना के पेयजल विस्तारीकरण में अपना शहर भी शामिल है। शहर में योजना के क्रियान्वयन को जल निगम कार्यदायी संस्था तय की गई है। कार्यदायी संस्था ने शहर में सर्वे कर 76 किलोमीटर पाइप लाइन के अलावा 5604 नए कनेक्शन देने के लिए आठ ओवरहेड टैंक, नौ ट्यूबवेल की जरूरत का 33.50 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा था। विभिन्न प्रक्रिया से होते हुए इस प्रस्ताव पर शासन ने जनवरी माह में अपनी मुहर लगा दी और इस पर वित्तीय स्वीकृति के लिए आगे भेज दिया। अब योजना को पंख लग गए हैं। क्योंकि प्रस्ताव पर शासन के वित्त विभाग ने अपनी वित्तीय स्वीकृति भी दे दी है। हालांकि, पहले चरण में 25.75 करोड़ रुपये की ही निविदा होगी, मगर दूसरे चरण में शेष धन उपलब्ध कराकर काम पूरा करा दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूपम मिश्रा ने कहा कि शहरी पेयजल के विस्तारीकरण को अमृत योजना में शामिल कराया गया था। चूंकि सभी को शुद्ध पानी उपलब्ध हो इसका प्रयास पालिका प्रशासन कर रहा है। इसी कड़ी में यह प्रस्ताव बनवाया गया था। अब इसकी मंजूरी मिल गई है। धन भी उपलब्ध हो गया है। ऐसे में अब जल्द से जल्द इस कार्य को शुरू कराकर शहर के लोगों को पेयजल संकट से निजात दिलाई जाएगी।