वाल्टरगंज मिल के लिए 10 को हाईवे जाम
छह जनवरी को नए मालिक को आना था
मिल श्रमिकों और किसानों ने ज्ञापन दिया
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। गोविंदनगर शुगर मिल चलाने को लेकर मजदूरों और किसानों का धैर्य टूट रहा है। सोमवार को एकजुट मिल श्रमिकों और किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। चेतावनी दी है कि यदि 10 जनवरी के पहले मिल चलाने की कार्रवाई नहीं हुई तो 10 को फोरलेन जाम करेंगे।
वाल्टरगंज स्थित गोविंदनगर शुगर मिल चलाने के लिए श्रमिक तीन अक्तूबर से किसानों के साथ धरना दे रहे हैं। जिला प्रशासन और मिल प्रबंधन से आश्वासन मिलता रहा। मिल की बिक्री के बाद नए मालिक ने मिल चलाने के लिए कोई भी कार्रवाई अभी तक नहीं की। सोमवार को जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश चौधरी ने मजदूरों और किसानों के साथ डीएम, एसपी को ज्ञापन दिया। चेतावनी दी कि 10 जनवरी के पहले मिल चलाने की कवायद नहीं हुई तो किसान और मजदूर नेशनल हाईवे को जाम कर देंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान भाकियू जिला अध्यक्ष राम मनोहर चौधरी, हृदय राम वर्मा, वीरेंद्र चौधरी, कृष्ण चंद्र मौर्य, रामशरण मौर्य, अंगद वर्मा, राकेश कुमार जायसवाल, प्रदीप शुक्ला, संजय शर्मा, राकेश सिंह, रामगोपाल मौर्य, अभिमन्यु पांडेय, रत्नाकर पांडेय, राकेश कुमार चौधरी, राम जनक सहित अनेक लोग शामिल रहे।
22 दिसंबर को आए थे नए मालिक के प्रतिनिधि
नए मालिक के प्रतिनिधि के रूप में 22 दिसंबर को राजेश सिंह आए थे। जो मीटिंग के नाम पर वापस चले गए। राम प्रकाश चौधरी ने बताया कि 26 दिसंबर को मजदूरों ने हाईवे जाम करने का निर्णय लिया था किंतु नए मालिक के प्रतिनिधि के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया था। छह जनवरी को मिल के मालिक को आना था, जो नहीं आए। अब सिर्फ गुमराह किया जा रहा है।