जेब्रा टर्मिनल जोड़ने में चेन्नई के इंजीनियर फेल
वाराणसी से दो मोटरबोट मंगाने की हुई लिखा पढ़ी
तीन दिन से लखनऊ व चेन्नई की टीमें नाकाम रहीं
टांडा से आने वाली 220 केवीए लाइन घाघरा के बीच खराब
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। एनटीपीसी के टांडा पॉवर हाउस से बस्ती मंडल में आने वाली लाइन के जेब्रा टर्मिनल में आई खराबी दूर करने में लखनऊ और चेन्नई के इंजीनियर भी फेल साबित हुए। तार जोड़कर पोल पर चढ़ाने को कौन कहे, मरम्मत करने वाली टीम ग्राउंड जीरो यानी उस खंभे तक पहुंच ही नहीं पाई। मरम्मत में जुटे इंजीनियरों ने मुख्य अभियंता से बिना दो अतिरिक्त मोटरबोट के साइट क्लियर करने से हाथ खड़ा कर दिया।
डीएम डॉक्टर राजशेखर ने बताया कि मुख्य अभियंता के जरिए जानकारी मिलते ही वाराणसी स्थित एनडीआरएफ के कमांडेंट से तत्काल दो मोटरबोट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। बुधवार तक उम्मीद है कि दोनों बोट मुहैया हो जाएगी। साइट पर मौजूद मुख्य अभियंता (ट्रांसमीटर) इंजीनियर पीएन उपाध्याय ने मंडल के मुख्य अभियंता ओपी यादव को टीम के न पहुंच पाने की रिपोर्ट दी। जिस पर डीएम ने संज्ञान लिया है। इस खराबी को दूर करने के लिए विशेषज्ञों का एक नया दल सोमवार को उस साइट पर पहुंचा, जहां शुक्रवार को टांडा से आने वाली सप्लाई बंद थी। एनडीआरएफ यानी राष्ट्रीय आपदा बचाव बल की मदद से पूरे दिन टेक्निकल टीम जुटी रही लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब हालात ऐसे बन चुके हैं कि दो-तीन दिन में भी सुधार हो जाए तो गनीमत है। हालांकि, दावा किया जा रहा है कि अविलंब सुधार किया जाएगा।