गौर। जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत गौर ब्लॉक में 61 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चुना गया है। इनके बैंक खाते में आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
गौर विकासखंड में 108 ग्राम पंचायत है, जहां योजना के तहत सर्वे कराकर जरूरतमंद और कमजोर परिवारों को चिह्नित किया गया। इसमें 61 लाभार्थी आवास योजना के लिए पात्र मिले हैं। प्रत्येक लाभार्थी को आवास के लिए 1.20 लाख रुपये मिलेंगे। नींव का निर्माण पूरा करने पर लाभार्थी को द्वितीय किस्त के रूप में 70 हजार मिलेंगे।
आवास पूर्ण होने पर अंतिम किस्त के रूप में 10 हजार रुपये खाते में भेजे जाएंगे। लाभार्थियों को 90 दिन का मानव दिवस बीवी रामजी योजना के तहत 300 रुपये की दर से मजदूरी का भुगतान मिलेगा। लाभार्थी को शौचालय का लाभ भी दिया जाएगा। बीडीओ केके सिंह बताया कि बहुत जल्द सरकार की ओर से प्रथम किस्त प्राप्त हो जाएगी।
आवास का निर्माण न करने पर वापस हो जाएगी रकम
अधिकारियों के अनुसार जिन लाभार्थियों का आवास योजना के लिए चयन हुआ है, उन्हें हर हाल में निर्माण करना होगा। यदि कोई लाभार्थी आवास का निर्माण नहीं करता है तो सरकार की ओर से भेजी गई किस्त वापस ले ली जाएगी और उन्हें दोबारा सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।