बस्ती। मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत जिले के 604 किसानों में सोमवार को अनुदानित पंपसेट वितरित किया गया। इसे पाकर किसानों के चेहरे खिल उठे।
शहर के ब्लॉक रोड स्थित एक होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया हुआ। मुख्य अतिथि सांसद के प्रतिनिधि जगदीश शुक्ल, विशिष्ट अतिथि हर्रैया के विधायक अजय सिंह व सदर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने लाभार्थियों में पंपसेट का प्रतीकात्मक वितरण किया। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र ने कहा कि वर्ष 2017-18 से लेकर अब तक जिले के कुल 30489 किसानों को उथले व मध्यम गहरे नलकूप से लाभान्वित किया गया है। जिले में कुल 35950 हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचन क्षमता का सृजन किया गया है। जिससे किसानों की कृषि उत्पादकता में आशातीत वृद्धि हुई है और उनकी आर्थिक स्थित में सुधार होने से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के आय दोगुना करने का सपना साकार हो रहा है।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की पूर्ण हितैषी है। उनकी आय दोगुनी करने के प्रति प्रतिबद्ध है। अविनाश श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन किया। सहायक अभियंता गरिमा द्विवेदी, प्रमुख अभिषेक गौतम, मिथिलेश श्रीवास्तव, अमरेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।