एपीएनपीजी कालेज मे रेनू बाला अध्यक्ष पद के नामाकंन करने जाती हुई।
एपीएन पीजी कालेज में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए सात पदों पर कुल 57 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। जांच के बाद इन सभी के नामांकन पत्र सही पाए गए। वहीं नामांकन के दौरान लोग सड़क जाम होने से परेशान रहे। मालवीय रोड से लेकर गांधीनगर में जाम की स्थित बनी रही। जाम से बचने के लिए छोटे वाहन शर्ट कट रास्ता तलाशते रहे। सबसे अधिक जाम आवास विकास कालोनी के काली मंदिर के पास रहा।
बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच एपीएन पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री समेत सात पदों पर पूर्वान्ह 11 बजे से नामांकन पत्र दाखिल करने का सिलसिला शुरू हुआ। जुलूस निकालकर नामांकन दाखिल करने की मनाही के बाद भी तमाम प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस लेकर महाविद्यालय के पास पहुंचे, मगर गेट पर एक प्रत्याशी के साथ के दो छात्रों को जाने की अनुमति मिली। एक प्रस्तावक और एक समर्थक के साथ प्रत्याशियों ने महाविद्यालय के अंदर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। सबसे अधिक नामांकन पत्र कला संकाय प्रतिनिधि के लिए दाखिल किए गए, जिनकी संख्या 15 है। वहीं सबसे कम दो नामांकन विधि संकाय प्रतिनिधि के लिए दाखिल हुए।
अध्यक्ष पद के लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। उपाध्यक्ष पद पर इससे भी अधिक 10 नामांकन हुए। महामंत्री पद के लिए आठ, कोषाध्यक्ष पद के लिए छह, कला संकाय प्रतिनिधि के लिए 15, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए सात और विधि संकाय प्रतिनिधि के लिए महज दो लोगों ने नामांकन दाखिल किया।
वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए अखिलेश मिश्र और राममणि ने पर्चा दाखिल किया। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन विकास गुप्ता, आयुष ओझा, मो. अल्तमस अंसारी, विपिन उपाध्याय, मो. अकील अंसारी, आशीष कुमार ने पर्चा दाखिल किया।