57 को दी गई मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबी
बस्ती। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सोमवार को 57 लोगों को चाबी सौंपी गई। साथ ही कंबल वितरण भी हुआ। योजना के तहत जिले में 426 बन रहे जिसमें से 384 पूरा हो गया है।
वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि आवास के साथ बिजली, गैस कनेक्शन तथा शौचालय भी दिया गया है। यह योजना लगातार चलती रहेगी तथा पात्र व्यक्तियों को आवास दिया जाएगा। कुष्ठ रोग से प्रभावित, दैवी आपदा से पीड़ित तथा जेई/एईएस प्रभावित परिवारों को यह आवास दिया गया है। जल्द ही एक और सर्वे होगा जिससे छूटे पात्रों का चयन हो सके। विधायक चन्द्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि गरीबी रेखा को समाप्त कर दिया जाए। घर के अलावा इलाज के लिए भी मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना संचालित की जा रही है। विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने वनटांगिया, मुसहर जाति के लोगों को भी आवास देने का काम किया है। विधायक रवि सोनकर ने सभी लाभार्थियों को गृह प्रवेश की बधाई दी। आश्वस्त किया कि 2022 तक सभी पात्र व्यक्तियों को पक्का मकान मिल जाएगा।डीएम आशुतोष निरंजन ने कहा कि वर्ष 2018-19 में 289 लक्ष्य के सापेक्ष दैवी आपदा से प्रभावित 225 तथा जेई/एईएस प्रभावित 64 परिवारों को आवास दिया गया। वर्ष 2019-20 में 137 लक्ष्य के सापेक्ष 27 कुष्ठ रोगी, 97 दैवी आपदा प्रभावित तथा 13 जेई/एईएस प्रभावित लाभार्थी हैं। 14 कुष्ठ रोगी लाभार्थियों को लखनऊ भेजा गया है जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हाथों से घर की चाबी प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम का संचालन राजा शेर सिंह ने किया। जिला विकास अधिकारी अजीत श्रीवास्तव ने योजना के बारे में जानकारी दी। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त विजय श्रीवास्तव, उपायुक्त मनरेगा इन्द्रपाल सिंह, राज कुमार शुक्ल, हरीश सिंह, राजेश कुमार सिंह सभी बीडीओ भी शामिल रहे।