पांच विधानसभा क्षेत्रों में अब 54 प्रत्याशी आजमाएंगे भाग्य
बस्ती। महादेवा सुरक्षित विधानसभा सीट से सुभासपा से पर्चा दाखिल करने वाले विजय विक्रम निर्दलीय घोषित कर दिए गए हैं। विजय की जगह उनके प्रस्तावक नामांकन वापस लेने पहुंचे थे, जिसके चलते नामांकन वापस नहीं हो सका। वहीं, महादेवा से अब सपा-सुभासपा गठबंधन से अब दूधराम चुनाव मैदान में हैं। जनपद के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 54 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से विजय विक्रम आर्य और दूधराम ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसे लेकर सपा खेमे में बेचैनी बढ़ी हुई थी। ऐसे में चर्चा थी कि किसी एक उम्मीदवार का नाम वापस हो सकता है। इन सबके बीच बुधवार को विजय विक्रम के प्रस्तावक नाम वापस लेने महादेवा विधानसभा क्षेत्र के आरओ के पास पहुंचे, लेकिन प्रत्याशी के मौजूद न होने से नाम वापसी में तकनीकी पेंच फंस गया। इसके बाद नाम वापसी की समय सीमा खत्म होते ही आरओ ने उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार घोषित करते हुए चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया। इसके साथ अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों को भी चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। बुधवार को नाम वापसी के दिन सुबह से ही कलेक्ट्रेट परिसर में चहल-पहल अधिक रही। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता निगाहें गड़ाए रहे कि कौन उम्मीदवार अपनी दावेदारी को वापस ले रहा है। इस तरह महादेवा विधानसभा क्षेत्र में आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि हर्रैया सीट पर नौ, बस्ती सदर सीट पर 11, कप्तानगंज में 12 व जबकि सबसे अधिक चौदह उम्मीदवार रुधौली विधानसभा क्षेत्र से मैदान में हैं।
एक ही बैलेट यूनिट से होगा चुनाव
पांचों विधानसभा क्षेत्र में 15-15 से अधिक उम्मीदवार न होने की वजह से जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। ईवीएम की बैलेट यूनिट पर 15 उम्मीदवारों के नाम आ सकते हैं। किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अब ईवीएम के साथ दूसरी बैलेट यूनिट लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।