बस्ती। संविधान बचाओ-देश बचाओ नारे के साथ कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का मंडलीय सम्मेलन मंगलवार को शुरू हुआ। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को संविधान निर्माण का दायित्व देना सबसे बड़ा सम्मान है। जब तक धरती आकाश है तब तक बाबा साहब का नाम रहेगा।
अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष भगौती चौधरी ने कहा कि भारत का संविधान हमारा धर्म है। हमारा कर्म है और हमारी निष्ठा है, जिस तरीके से हर घर में गीता, कुरान, बाईबिल और रामायण रखी जाती है, उसी तरह से संविधान की पुस्तक भी देश के हर घर में होनी चाहिए। चौधरी ने कहा कि आज विचारों के आधार पर दलितों को बाटने का कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस पर अंगुली उठाई जाती है। पूछा जाता है कि कांग्रेस ने दलितों के लिए क्या किया? दलित, शोषित और पिछड़ों को अगाह किया कि देश में जीने का, बसने का अधिकार किसी ने दिया है तो वह कांग्रेस पार्टी ही है, जो लोग एससीएसटी कानून की बात करते हैं उन्हें धाराओं को बदलने की जगह पर विचारधारा बदलनी चाहिए। अपील कि कांग्रेस के तिरंगे झंडे के साथ जुड़कर देश की मुख्य धारा में शामिल हो और राहुल गांधी के संकल्पों को मजबूत करें। इससे पहले अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष भगौती चौधरी का कई जगह स्वागत हुआ। जिलाध्यक्ष विरेंद्र प्रताप पांडेय ने स्वागत में कहा कि इस सम्मेलन से नए दलित नेतृत्व का आगाज होगा। कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव दलितों, शोषितों और पिछड़ों को साथ लेकर चली है। बाबू जगजीवन राम को देश का गृह मंत्री बनाया और मीरा कुमार को लोक सभा अध्यक्ष। पूर्व विधायक अम्बिका सिंह, प्रभारी गौरी शंकर कन्नौजिया, छोटेलाल तिवारी, जगनरायन आर्य, डॉ. बीएच रिजवी, डॉ. आरजी सिंह, अंकुर वर्मा, परमात्मा चकवर्ती, लालजी पहलवान, आदि ने संबोधित किया। प्रेमशंकर द्विवेदी, मो. रफीक खान, ज्ञानेंद्र पांडेय, कर्नल एके सिंह, राम धीरज चौधरी, कमरूल हुदा आदि मौजूद रहे।