डीएम राज शेखर ने नगर पालिका कार्यालय का किया निरीक्षण।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। नगर पालिका के कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बृहस्पतिवार को डीएम राजशेखर ने पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कार्यों की समीक्षा की। विभागवार प्रगति जानी तथा लंबे समय से प्रस्तावित कान्हा योजना को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।
दोपहर 12.10 बजे डीएम मय दलबल पालिका कार्यालय जा पहुंचे। यहां पालिकाध्यक्ष रुपम मिश्रा, ईओ डॉ. मणि भूषण त्रिपाठी व भाजपा नेता पुष्कर मिश्र सहित सदस्यों ने उनका बुके देकर स्वागत किया। कार्यालय में घुसते ही डीएम ने सभी कक्षों पर एक नजर घुमाई। पालिकाध्यक्ष ने उन्हें बताया कि यहां ऊपरी तल पर कार्यालय निर्माण किया जाना है, जिस पर डीएम ने प्रथम तल पर हाल बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद वे बाहर आ गए। खाली जमीन के उपयोग पर भी उन्होंने पालिकाध्यक्ष, ईओ व सदस्यों से चर्चा की। निर्माणाधीन भवन को देखकर डीएम ने पूछताछ शुरू की तो पता चला कि यह कान्हा योजना में लावारिस पशुओं के लिए बनाया जा रहा है। उन्होंने 30 जुुलाई तक निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद डीएम बैठक कक्षा में पहुंचे और कायों की समीक्षा शुरू कर दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई की व्यवस्था चाकचौबंद कर दी जाए, जिससे स्वच्छ भारत मिशन को गति मिल सके। शहरी क्षेत्र में प्रस्तावित शौचालय निर्माण की प्रगति व प्रधानमंत्री आवास निर्माण के बारे में भी डीएम ने जानकारी ली। शहर में स्ट्रीट लाइटों की प्रगति पर डीएम ने कहा कि अभी पचास फीसदी से अधिक लाइटें लगाई जानी हैं। इसे जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। इस मौके पर ईओ के अलावा सहायक अभियंता घनश्याम श्रीवास्तव, जेई अशोक कुमार सिंह, केएनए गजेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।