बांध निर्माण के लिए घाघरा तट पर धरना
रालोद नेता ने ग्रामीणों के साथ शुरू किया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। घाघरा का जल स्तर गिरने के साथ खेती योग्य जमीन की कटान होने लगी। यहां बाढ़ खंड बचाव व राहत कार्य बंद कर चुका है। इन स्थितियों को देखते हुए कल्याणपुर गांव को बचाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के नेता चंद्रमणि पांडेय उर्फ सुदामा मंगलवार से धरने पर बैठ गए हैं। घाघरा तट पर धरना दे रहे सुदामा के साथ ग्रामीण भी हैं।
पिछले दिनों रालोद नेता ने बीडी बांध पक्का करने व ठोकर बनाकर कटान प्रभावित सहजौरा, कल्याणपुर, भरथापुर, गौरियानयन, मुरेडीपुर, रानीपुर, कठवनिया, केशवपुर, संदलपुर, चांदपुर सहित सैकड़ों गांवों को कटान से बचाने के लिए आवास के लिए जमीन व पांच लाख रुपये प्रति परिवार देने की मांग की थी। ऐसा न होने के कारण वे धरने पर बैठ गए हैं। रालोद नेता चन्द्रमणि पांडेय ने कहा या तो बांध व ठोकर निर्माण का काम शीघ्र शुरू हो अथवा प्रशासन यह लिखित दे की ठोकर निर्माण कर सुरक्षित नहीं किया जा सकता। इस मौके पर द्वारिका प्रसाद पांडेय, राम नेवल, राम सरन, जितेन्द्र, नवीन पांडेय, गणेश पांडेय, विवेक पांडेय, भरथ लाल, सुकना, संदल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।