रुधौली। राजस्थान के कोटा स्थित भीमगंज मंडी इलाके में तैनाती के दौरान संदिग्ध हालात में बीएसएफ जवान अतुल पांडेय की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को सांसद हरीश द्विवेदी सांत्वना देने पहुंचे। मृतक के बड़े भाई विपुल से मामले की पूरी जानकारी ली। आश्वासन दिया कि वह उच्चस्तरीय जांच कराएंगे। परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
भाई विपुल पांडेय ने सांसद को बताया कि कुछ दिनों से तैनाती को लेकर अतुल काफी परेशान थे। वरिष्ठ अफसरों के उत्पीड़न से आजिज आकर वह नौकरी छोड़ने का मन बना चुके थे। कई बार फोन पर अपने अधिकारियों की प्रताड़ना के बारे में परिवार वालों को बताया था। विपुल के अनुसार, वह उन्हें कुछ जरूरी बात बताने वाले थे, लेकिन उससे पहले हादसा हो गया। परिवार वालों को यकीन है कि अतुल आत्महत्या नहीं कर सकते। सांसद ने कोटा के सांसद ओम बिरला से बात की। बिरला ने सांसद द्विवेदी से निष्पक्ष जांच में मदद का आश्वासन दिया।
रुधौली क्षेत्र के कुड़ही निवासी अतुल पांडेय ने 28 अगस्त को राजस्थान के कोटा स्थित बीएसएफ बटालियन में बतौर कांस्टेबल ज्वाइन किया था। 19 वर्षीय जवान अतुल की दो अक्टूबर को रहस्यमय ढंग से मौत हो गई। अधिकारी आत्महत्या बता रहे हैं, लेकिन परिवार के लोग साजिश करार दे रहे हैं। सांसद हरीश द्विवेदी के साथ भाजपा के जिला मंत्री रवि सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।