बस्ती। सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय साहूपार की हेडमास्टर सुंदर ने डीएम सहित अन्य अफसरों से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अपने आप को असुरक्षित बताने वाली महिला ने कहा कि उसके साथ कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। डीएम ने बीएसए को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
डीएम, बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि स्कूल में पढ़ाने वाली एक सहायक अध्यापक विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने नहीं आती हैं। पति भी अकारी में हेड मास्टर हैं। स्कूल न आने पर गैरहाजिर किया जाता है तो पति उनपर गैरहाजिर न करने का दबाव बनाते हैं। पहली अगस्त को इसे लेकर झगड़ा भी हुआ, जिसके चलते पठन पाठन कार्य प्रभावित रहा। शिक्षक के पति ने धमकाया है कि यह उनका इलाका है, और उनके हिसाब से कार्य करना होगा। महिला हेड मास्टर ने अफसरों से कहा कि ऐसे माहौल में स्कूल का संचालन करना उनके के लिए कठिन हो रहा है, क्यों कि उन्हें डर है कि अध्यापक के पति कभी भी उनके साथ कुछ भी कर सकते हैं। महिला हेड मास्टर खुद को असुरक्षित एवं मानसिक रूप से पीड़ित महसूस कर रही है। महिला ने अफसरों से किसी अन्य विद्यालय में तबादला करने की अपील की है।