कोतवाली क्षेत्र के मालवीय रोड स्थित मैरेज हाल में शादी के दौरान जल्दी फोटो खींचने की बात पर बिगड़े दूल्हे ने जयमाल स्टेज पर हंगामा खड़ा कर दिया। इससे खफा दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। पांच बजे भोर तक दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं होती रही। बाद में मामला कोतवाली पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों से बातचीत कर शादी न किए जाने पर समझौता हो गया। इसके बाद सुबह बारात बैरंग लखनऊ लौट गई।
मैरेज हाल में छह जून को लखनऊ से बारात आई थी। धूमधाम से द्वारचार हुआ। नाचते गाते बारातियों का स्वागत भी वधू पक्ष के पूरे सम्मान के साथ किया। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर जयमाल के लिए पहुंचे। वहां दूल्हा विभिन्न पोज में फोटो खिंचवाने लगा। इसी बीच वधू पक्ष के किसी व्यक्ति ने फोटोग्राफर को थोड़ा जल्दी करने की सलाह दे दी। इतना सुनते ही दूल्हा भड़क गया और स्टेज पर ही सिर मौर व कोट निकाल फेंक दिया।
घराती मान मनौवल में जुटे थे कि इसी बीच दूल्हे ने धमकी दे डाली कि शादी के बाद देख लूूंगा। यह सब नाटक दुल्हन देख रही थी। धमकी सुनते ही वह भी बिफर पड़ी। उसने विवाह करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में भोर पांच बजे तक बहस होती रही। अंत में विवाद हल होते न देख दुल्हन पक्ष के लोग कोतवाली जा पहुंचे। यहां कोतवाल कपिलमुनि सिंह ने वर पक्ष के लोगों को भी बुला कर बातचीत शुरू की। दुल्हन दूल्हे के व्यवहार से इस कदर नाराज हो गई थी कि वह किसी भी कीमत पर उससे शादी को तैयार न हुई। बाद में पुलिस ने वर व वधू पक्ष को इस बात पर सहमत कर लिया कि शादी नहीं होगी। इसके बाद दोनों पक्ष वापस लौट गए।
कोतवाल ने बताया कि कुल विवाद दूल्हे के नाराजगी के चलते खड़ा हुआ था। दुल्हन दूल्हे के आचरण को लेकर बेहद संवेदनशील रही। दुल्हन ने कहा कि जब शादी में इतना नाटक है तो फिर आगे जीवन कैसे कटेगा? ऐसे में शादी संभव नहीं है। इसी बात पर सहमति बनाकर मामले में सुलह समझौता करा दिया गया।