बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित प्रेरणा स्थल के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए जिले से गईं 50 रोडवेज बसें शुक्रवार को बेड़े में लौट आईं। यह बसें 23 दिसंबर को लखनऊ के लिए यहां से रवाना हुई थीं। इसके चलते तीन दिन तक लोकल और अन्य रूटों पर संचालन व्यवस्था पर प्रभाव पड़ा था।
लखनऊ पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए रोडवेज की 50 बसों को भेजा गया था। वहां कार्यक्रम के समापन के बाद कार्यकर्ताओं को उनके जिले तक पहुंचाने के बाद बस्ती डिपो की सभी 50 बसें डिपो में वापस आ गईं हैं। वहीं तीन दिन तक आम यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन शुक्रवार से सभी बसें अपने निर्धारित रूट पर संचालित होने लगीं। इससे यात्रियों को आसानी हुई।
एआरएम बस्ती डिपो आयुष भटनागर ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण कार्यक्रम में बसें भेजी गईं थीं। शुक्रवार को सभी बसें आ गईं। जिन रूट की बसें भेजी गई थी उनका संचालन उसी पर शुरू कराया गया है। बस्ती डिपो में निगम की 102 ओर अनुबंधित 36 बसें हैं। ये बसें लोकल रूट पर ही चलती हैं। बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। ठंड से बचाव के भी इंतजाम बसों में है। सभी रूटों पर संचालन सामान्य है।