आज पांच लाख श्रद्धालु करेंगे महादेव का जलाभिषेक
बस्ती। पावन श्रावण मास की त्रयोदशी पर मंगलवार को पांच लाख श्रद्धालु महादेव का जलाभिषेक करेंगे। बम-बम भोले के जयघोष करते सोमवार आधी रात से ही कांवड़ियों का जत्था सरयू का जल लेकर भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंचा। वहीं, बाबा भोले का विधिवत पूजन-अर्चन कर भक्तों ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अयोध्या से पवित्र सरयू नदी का जल भरकर कांवड़िए पैदल चलकर भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान बोल बम का जयघोष सड़क से लेकर मंदिर तक गूंजता रहा। पैदल के अलावा विभिन्न वाहनों पर सवार कांवड़ यात्री भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर से लेकर पूरे यात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मेले में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पांच कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। एडीजी अखिल कुमार, डीआईजी आरके भारद्वाज, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी आशीष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर भद्रेश्वरनाथ मंदिर और कांवड़ियों के रूट का मुआयना किया।
अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर कांवड़ियों को भोजन भी परोसा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार जिगजैग बैरिकेडिंग कराई गई है ताकि कांवड़ियों का हुजूम एक साथ भीड़ पर दबाव न बना पाए और बारी-बारी से जलाभिषेक कर सके। मंदिर से लेकर डारीडीहा मोड़ तक कई जगह बैरिकेडिंग की गई है। जगह-जगह कांवड़ियों के लिए विश्राम स्थल बनाए गए हैं।
उधर, कांवड़ियों के आवागमन के लिए 23 जुलाई की रात से ही फोरलेन पर दूसरे वाहनों को बदल दिया गया है। अयोध्या से लेकर मंदिर के बीच जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों की सुविधा स्टाल लगाए गए हैं। जहां उनके लिए भोजन, नाश्ता, दवा, पानी, शरबत आदि का प्रबंध किया जा रहा है। इसमें सरकारी विभाग के अलावा कई सामाजिक संस्थाओं ने स्टाल लगाया है। जिले की सीमा में घघौआ, विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, महराजगंज, कप्तानगंज, गोटवा, तिलकपुर, फुटहिया में यह सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।
------------
आठ जगह पार्किंग व्यवस्था
आईटीआई कॉलेज ग्राउंड, केडीसी कॉलेज ग्राउंड, भूवर काली मंदिर के पास रामधनी चौधरी की खाली जमीन, मिश्रौलिया स्टेट के आगे डिपो वन विभाग, सोनूपार चौकी के पास स्थित बाग, ग्राम राजाचक में खाली जमीन, चांदमारी के पास (दो पहिया वाहनों के लिए), मोहटा चौराहे के पास (नगर के तरफ से आने वाले वाहनों के लिए)।
---------
भारी पुलिस बल तैनात
डीआईजी आरके भारद्वाज ने बताया कि जलाभिषेक के लिए भद्रेश्वरनाथ मंदिर पर दो एएसपी, 10 सीओ, 35 निरीक्षक, 280 उप निरीक्षक, 25 महिला उप निरीक्षक, आठ उप निरीक्षक यातायात, 11 सौ हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 250 महिला आरक्षी, डेढ़ कंपनी पीएसी, 05 फायर टेंडर, 40 यातायात कांस्टेबल लगाए गए हैं। इसमें परिक्षेत्र के सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपद से एक एएसपी व 02 सीओ सहित कुल 283 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जिसमें सिद्धार्थनगर जनपद से एक एएसपी, एक सीओ, चार इंस्पेक्टर, 36 सब इंस्पेक्टर, दो महिला सब इंस्पेक्टर, 110 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 12 महिला कांस्टेबल, चार ट्रैफिक कांस्टेबल और एक फायर टेंडर भेजा गया है। इसी प्रकार जनपद संतकबीरनगर से एक सीओ, दो इंस्पेक्टर, 24 सब इंस्पेक्टर, एक महिला एसआई, 70 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, आठ महिला कांस्टेबल, एक टीएसआई, चार ट्रैफिक कांस्टेबल, एक फायर टेंडर बस्ती कांवड़ मेले में तैनात किया गया है।
-----
शहर में प्रभावित रही आवाजाही
शास्त्री चौक/कलेक्ट्रेट चौराहे पर एक बैरियर लगाकर रामचन्द्र शुक्ल तिराहे या कांवड़ियों के रास्ते पर किसी प्रकार का वाहन नहीं जाने दिया जा रहा है। शहर से बाहर जाने वालों को मूड़घाट/बड़ेबन के रास्ते भेजा जा रहा है। पुराना डाकखाना/कटरा से आने वाले समस्त वाहनों को फव्वारा होते हुए रौता की तरफ मोड़ दिया जा रहा है। चेतक तिराहे पर बैरियर लगाकर कंपनी बाग अथवा रामचन्द्र शुक्ल मार्ग से आने वाले प्राइवेट वाहनों को वापस कंपनी बाग की तरफ मोड़ दिया जा रहा है। फव्वारा तिराहे से कोई वाहन कंपनी बाग की तरफ नहीं जा पा रहा है। गड़गोड़िया तिराहे, कांशीराम आवास से कोई भी वाहन डारीडिहा की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। सभी वाहनों को अस्पताल चौराहे से सोनूपार की तरफ भेजा जा रहा है। सोनूपार तिराहा से कोई भी वाहन डारीडिहा के तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। वाहनों को अस्पताल की तरफ एवं कांवड़िया वाहन को सोनूपार तिराहे के पास स्थित बाग में पार्क कराया जा रहा है।