गेटमैन की लापरवाही, रोकी गई गोरखधाम
रनथ्रू के लिए स्टेशन अधीक्षक और गेटमैन में नहीं हुआ संपर्क
नशे की जांच के लिए गेटमैन का कराया गया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान-छपिया रेलवे स्टेशन के बीच रेल हादसा होने से बच गया। स्टेशन अधीक्षक व गेटमैन में गेट खोलने व बंद करने के लिए नंबरों का आदान-प्रदान नहीं हो सका। इसके बाद ट्रेन को छपिया में रोककर दूसरे कर्मचारी को भेजा गया। बाद में गेट मैन कहीं नशे में तो नहीं है इसके लिए मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मामला बभनान छपिया रेलवे स्टेशन के बीच गेट संख्या 230 माड़ा का है। करीब 10 बजे गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस डाउन को रनथ्रू पास करने के लिए स्टेशन अधीक्षक डीके वर्मा ने गेट बंद करने के लिए नम्बर का आदान प्रदान करने का प्रयास किया। लेकिन गेटमैन का कोई जवाब नहीं मिला। तत्काल स्टेशन अधीक्षक ने ट्रेन को छपिया रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। दूसरे कर्मचारी को गेट पर भेजा गया। इसके बाद ट्रेन निकली। इस दौरान करीब 10 मिनट ट्रेन छपिया में खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक की शिकायत पर गेटमैन को मेडिकल परीक्षण के लिए रेलवे हॅास्पिटल बस्ती भेजा गया। जहां उसके ब्लड की सैंपलिंग हुई। इस बाबत पीडब्लूआई बभनान इनामुल हक ने बताया कि स्टेशन अधीक्षक की शिकायत पर गेटमैन का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।