70 बसों ने संभाला प्रयागराज पहुंचाने का जिम्मा
14 शटल बसें करा रहीं मेला क्षेत्र का दर्शन
कुंभ में बस लेकर जाइए और तोहफा पाइए
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। प्रयागराज में हो रहे आस्था के महापर्व कुंभ में देश-विदेश से साधु-सन्यासी व आम लोग पहुंच रहे हैं। कुंभ स्नान का विशेष महत्व है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु संगम पहुंचकर डुबकी लगाते हैं। श्रद्धालुओं को प्रयागराज तक पहुंचाने के लिए बस्ती डिपो ने भी पूरी तैयारियां कर ली हैं।
बस्ती जनपदवासियों को प्रयागराज तक की यात्रा कराने के लिए पांच रूटों से 70 बसें चलाई जा रही हैं। इसी के साथ ही डिपो की ओर से 14 शटल बसें प्रयागराज में मौजूद हैं। जो लोगों को मेला क्षेत्र के दर्शन करा रही हैं। बसों के साथ मौजूद चालक-परिचालकों को बाकायदा वर्दी और नेम प्लेट के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को प्रयागराज तक की यात्रा कराने के लिए पांच रूटों से भी बसें चलाई गई हैं। इसमें मेंहदावल, मुखलिसपुर, गायघाट, सिकरीगंज, उरुआ बाजार शामिल हैं।
कुंभ में बस लेकर जाएं, तोहफा पाएं
रोडवेज निगम ने चालकों, परिचालकों के लिए कुंभ में तोहफे की योजना लागू की है। इसके लिए यदि चालक व परिचालक 31 जनवरी से 10 फरवरी तक प्रतिदिन 300 किमी या इससे अधिक गाड़ी चलाते हैं तो उन्हें 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाएगा। इसी के साथ ही 11 दिन की ड्यूटी व न्यूनतम 3300 किमी या इससे अधिक की दूरी तय करने पर 1650 रुपये, नौ ंदिन की ड्यूटी व 2700 किमी तय करने पर 1350 रुपये, सात दिन की ड्यूटी व 2100 किमी की दूरी तय करने पर 1050 रुपये प्रोत्साहन राशि के तौर पर दिए जाएंगे।
सुविधाओं का पूरा प्रयास है: एआरएम
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक छोटेलाल ने कहा कि कुंभ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चालकों-परिचालकों को वर्दी व नेम प्लेट मुहैया करा दी गई है। यात्री सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने का प्रयास निगम की ओर से किया गया है।