एपीएनपीजी कॉलेज से पीसीएस की परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 20 केंद्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। आयोग की ओर से पहली बार एसटीएफ को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
जनपद के लिए 9312 परीक्षार्थियों का रजिस्ट्रेशन था। जिसके लिए 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक हुई। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए सीआरओ आरके पांडेय को नोडल अधिकारी बनाया गया था। परीक्षा देने के बाद निकले परीक्षार्थियों में करेंट अफेयर्स की बातें होती रहीं। कोई रिजनिंग में फंसा तो कोई ओलंपिक में। सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज में परीक्षा देने के बाद निकले सुभाषचंद्र पांडेय ने बताया कि तात्कालिक घटनाओं पर आधारित ज्यादा प्रश्न किए गए थे। माइनस मार्किंग के कारण सोच समझ कर उत्तर देना पड़ा। जिले के 20 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी की निगहबानी में हुई परीक्षा से शांति रही। कुुल 6852 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की रही तैनाती
सीसीटीवी की निगहबानी में शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तीन सेंटर पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। बुकलेट का बंडल खोलने और ओएमआर शीट को सील किए जाते वक्त भी वीडियोग्राफी कराई गई थी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर प्रतिबंध था। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया। सुरक्षा के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती थी। उच्चाधिकारी भी भ्रमण पर रहे।