प्रत्येक केंद्र पर तैनात किए जाएंगे दो-दो परीक्षा प्रभारी, दो पालियों में होगी पांच दिन परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रहीं हैं। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस व शिक्षा विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। जिले में 12 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। इन पर 41 हजार 400 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की संभावना है। परीक्षा में 425 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जानी है।। इसके अलावा 12 केंद्र और इतने ही सहायक केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई जाएगी।
प्रत्येक केंद्र पर दो-दो परीक्षा प्रभारी बनाए जाएंगे। पुलिस परीक्षा मे पारदर्शिता के लिए इस बार वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। राजकीय विद्यालय सहित सहायता प्राप्त और महाविद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 23 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी। पांच दिन तक चलने वाली परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी।
प्रत्येक केंद्र पर दो परीक्षा प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षा में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए 40 शिक्षक रिजर्व मे रखे जाएंगे। परीक्षा के दौरान चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। बोर्ड परीक्षा में डिबार या अन्य किसी मामले में दागी शिक्षक परीक्षा में ड्यूटी नहीं कर पाएंगे। इसके लिए शिक्षकों की स्क्रीनिंग चल रही है।
...
ये बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्र शहर में ही हैं। इनमें जीजीआईसी, जीआईसी, महिला पीजी काॅलेज, किसान इंटर काॅलेज, बेगम खैर गर्ल्स इंटर काॅलेज, एपीएन पीजी काॅलेज, शिव हर्ष किसान पीजी काॅलेज, जीआरएस इंटर काॅलेज, आर्य कन्या इंटर काॅलेज, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर काॅलेज, श्रीमती कृष्ण मुरारी इंटर काॅलेज आदि शामिल हैं।
...
रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे अभ्यर्थी
जिले में पुलिस परीक्षा के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा का आदेश सरकार ने दिया है। इसके लिए अभ्यर्थियों को परिचालकों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना पड़ेगा। इसे ही पास माना जाएगा। इसकी एक कॉपी परिचालक को देनी होगी। उसे रिकॉर्ड में रखा जाएगा। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि अभ्यर्थियों की संख्या देखकर रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। अभ्यर्थी अपने साथ प्रवेश पत्र की एक फोटो कॉपी लेकर ही बस में चढ़े। यह फोटो कॉपी परिचालक के पास जमा करानी होगी। सभी चालक व परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अभ्यर्थी को कोई परेशानी न होने दी जाए।
...
पुलिस परीक्षा को लेकर तैयारियां चल रहीं हैं। शासन से मिले निर्देश का अक्षरश: पालन किया जा रहा। प्रशासन व पुलिस के साथ मिलकर तैयारियों का खाका तैयार किया जा रहा है।
-जगदीश प्रसाद शुक्ल, डीआईओएस