बस्ती। शहर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र रौतापार के तहत आने वाली विवेकानंद कॉलोनी के उपभोक्ताओं को बुधवार दिनभर बिजली आपूर्ति नहीं मिली। दरअसल, कॉलोनी का 400 केवीए ट्रांसफार्मर बुधवार तड़के करीब तीन बजे धू-धू कर जल गया। इसे ठीक करने में विभाग को करीब 15 घंटे लग गए। ब्लॉक रोड स्थित डॉक्टर अनुराग सहाय क्लीनिक के निकट 400 केवीए ट्रांसफार्मर से विवेकानंद कॉलोनी को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बुधवार तड़के करीब 03:25 बजे ट्रांसफार्मर के पास से गुजर रही एक उपभोक्ता के केबल में स्पार्किंग शुरू हो गई। जिससे ट्रांसफार्मर से थोड़ी दूर पड़े कूड़े में आग लग गई, इसकी चपेट में ट्रांसफार्मर भी आ गया। सूचना पर 03:40 बजे पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। लेकिन, तब तक ट्रांसफार्मर जलकर राख हो गया था। इससे विवेकानंद कॉलोनी को करीब 250 उपभोक्ताओं को आपूर्ति दी जाती है। विभाग को करीब 1.5 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। विद्युत वितरण खंड नगरीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक उपभोक्ता के केबल में हो रही स्पार्किंग आग की वजह बनी। स्पार्किंग के कारण ट्रांसफार्मर के पास पड़े कूड़े में आग लग गई। आग भड़कने के बाद ट्रांसफार्मर को भी चपेट में ले लिया। इससे करीब 1.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर शाम छह बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।