बस्ती। जिले में 4.32 करोड़ रुपये की लागत से 36 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवनों का निर्माण शुरू हो चुका है। एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर करीब 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए नगर विकास विभाग की ओर से पूर्व में ही प्रस्ताव तैयार किया गया था।
स्वीकृति मिलने और बजट आवंटित होने पर निर्माण शुरू करवा दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जिले में 2655 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। यहां पर छह वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों व महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिया जाता है।
प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर एक कार्यकर्ता और एक सहायिका की तैनाती है। इनकी जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर छह वर्ष तक के बच्चों का परीक्षण करें व आवश्यकतानुसार उन्हें शासन से मिलने वाली खाद्य सामग्री का लाभ प्रदान करें।
इसके अलावा गर्भवती व धात्री महिलाओं की भी सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने। तीन वर्ष से छह साल तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर निशुल्क शिक्षा देने का भी प्रावधान है। इनसे अधिकतर प्राथमिक विद्यालय तो कुछ अपने भवनों में संचालित हैं।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार पहली बार नगर निकाय की ओर से आकांक्षी नगर उदय योजना के तहत 36 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। उनके भवन बनवाने के लिए नगर पंचायतें सक्रिय हैं। कहीं-कहीं निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। नगर पंचायत गनेशपुर में आठ आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन बनाने का लक्ष्य दिया गया है।