बस्ती। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। गांवों में पांच हजार की आबादी पर नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1.57 करोड़ से बनकर तैयार 35 नये एचडब्ल्यूसी को हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
इससे उम्मीद है कि यहां सीएचओ खुद के भवन में मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच कर दवाएं दे सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक सेंटर के निर्माण पर लगभग 44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से नामित एजेंसी सी-एंड-डीएस को सौंपी गई है।
इन सेंटरों के तैयार होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर हो सकेगी। दरअसल, विभाग ने गांवों में किराये के भवनों में कई सेंटरों को संचालित करवा रहा है। साल 2021-22 में परियोजना स्वीकृत हुआ। जिसमें 35 सब सेंटर के निर्माण की स्वीकृति मिली।
बताते हैं कि साल 2023-24 में कार्य पूर्ण हुआ। मगर, कहीं-कहीं जांच में खामियां पाई जाने के बाद हैंडओवर की प्रक्रिया उलझ गई। विभाग ने डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी को सत्यापन कार्य के लिए लगाया। उन्होंने सत्यापन रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी, जिसमें पाया गया कि अधिकांश में कार्य पूर्ण है और हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू कराई जाए। इसके बाद सी एंड डी एस ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। मार्च 2026 तक हैंडओवर हो जाना था, मगर अभी प्रक्रिया चल रही है।
बताते हैं कि हैंडओवर के बाद विभाग इसमें सेंटर का संचालन शुरू करवा देगा। इससे किराए के भवनों में संचालित हो रहे सेंटर जहां सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। वहां की स्थिति भी सुधर जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और आशा कार्यकर्ता तैनात रहती हैं, जो ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराती हैं। साथ ही यहां मरीजों को 14 प्रकार की जांच सुविधाएं भी मिलती हैं, जिनमें एचआईवी, हीमोग्लोबिन, यूरिन, टाइफाइड, डेंगू-मलेरिया, पीलिया, वायरल और हेपेटाइटिस जैसी जांच शामिल हैं।