हर्रैया। विद्युत उपकेंद्र के बेलभरिया फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। जर्जर हो चुकी लाइन से हो रही आपूर्ति से कभी तार टूटने, जंफर कटने तो कभी फ्यूज उड़ने से बार बार बिजली बाधित हो रही है।
बृहस्पतिवार को इस फीडर से जुड़े सैकड़ों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को महज दो घंटे ही बिजली मिली। उपकेंद्र से सटे अटवा गांव में तार टूट कर गिरने से पूरी रात उमस भरी गर्मी और अंधेरे में लोगों को गुजारनी पड़ी। फीडर से हरिवंशपुर, महुआपार, विशुनपुर, एकडंगी खुर्द, बड़गाएं, नरायनपुर मिश्र, जिवधरपुर, पूरेअवधी, अशोकपुर, हुडंरा, बरहपुर, सकरदहा, थान्हाखास सहित करीब डेढ़ सौ गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति हो रही है। उपकेंद्र की स्थापना के समय ही बने बेलभरिया फीडर की लाइन जर्जर हो चुकी है। वर्ष 2016 में नई लाइन बनाने का कार्य शुरू हुआ मगर दो बर्ष बाद भी वह ही पूरा नहीं हो सका है।आए दिन इस फीडर के उपभोक्तओं को जर्जर लाइन के चलते कई कई घंटों तक आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। रात में करीब आठ बजे 20 मिनट के लिए आपूर्ति मिली, जिसके बाद गुल हो गई। बिजली नहीं मिलने के बारे में उपकेंद्र पर तैनात कर्मियों से पूछा तो पता चला कि तार टूटकर गिरने से आपूर्ति ठप है। रातभर बिजली नहीं आने से लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। शुक्रवार को तार जुड़ने के बाद शाम तक मात्र दो घंटे ही आपूर्ति हुई। इस संबध में उपभोक्ता शौर्येद्र सिंह, अमितेश, राम नयन, राजकुमार, किशुन प्रसाद, आलोक, शिवपूजन, शैलेंद्र ने बताया कि रोजाना किसी न किसी समस्या के चलते निर्धारित आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। कई बार समस्या के बारे में विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई मगर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नई लाइन ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु नहीं हुआ तो जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे।