बस्ती। जिला अस्पताल में महिलाएं सजग रहें क्योंकि यहां महिलाओं का एक गैंग सक्रिय है जो रुपयों व आभूषणों की चोरी करता है। इसका खुलासा सोमवार की रात तब हुआ जब एक मरीज की महिला तीमारदार का रुपया चोरी करते हुए एक युवती पकड़ी गई। वहां मौजूद लोगों ने इसे चौकी पर पहुंचाया, मगर पुलिस ने यह कहते हुए उस महिला को भगा दिया कि चौकी पर महिला पुलिस की तैनाती नहीं है।
सोमवार की देर शाम अस्पताल में दाखिल ग्रामीण इलाके के एक मरीज की तीमारदार के पास एक महिला पहुंची और उसके पास बैठकर बातचीत करने लगी। पीड़िता के मुताबिक उसने कहा कि वह भी मरीज के साथ आई है। बातचीत के दौरान उसने अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों के रुपयों व सामान चोरी की बात कहते हुए धन आदि सुरक्षित करने को कहा। उसके झांसे में आने के बाद जब रुपयों का बैग सहेजने लगी तो उसने देख लिया। इसके बाद एक अन्य महिला ने बैग उड़ाने का प्रयास किया, मगर साथ में आए अन्य लोगों ने उसे धर दबोचा। तीमारदार उसे लेकर चौकी पर पहुंचे जहां चौकी प्रभारी से पूरी बात बताई, मगर सिपाहियों ने यह कहकर कि महिला सिपाही यहां तैनात नहीं है। ऐसे में महिला को गिरफ्तार करना संभव नहीं है। तीमारदार पुलिस से बातचीत कर ही रहे थे कि इसी बीच महिला वहां से फरार हो गई।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजेंद्र सिंह ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो ठीक नहीं है। महिला पुलिस को तो थाने से बुलाया जा सकता है।