एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश
तीन गिरफ्तार, आरोपियों के कब्जे से 25 एटीएम कार्ड, 51 हजार रुपये नकद, बाइक आदि बरामद
हर्रैया थानाक्षेत्र की तीन घटनाओं का हुआ पर्दाफाश
एसओजी, सर्विलांस टीम की मदद से हर्रैया पुलिस को मिली कामयाबी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हर्रैया थाने की पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये निकाल लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
क्षेत्र के बेलाड़े चौराहे से बृहस्पतिवार को सुबह गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 25 एटीएम कार्ड, 51 हजार रुपये नकदी, दो आधार कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, तीन मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक बाइक बरामद की गई है।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए आरोपियों में दुर्गा प्रसाद निवासी दुबौली थाना मनकापुर जिला गोंडा, उसी गांव का अवधेश उर्फ सोनू और चांद बाबू निवासी करोहा मान मछली बाजार थाना मनकापुर गोंडा शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उनका एक गिरोह है जो एटीएम में रुपये निकालने पहुंचने वालों का चुपके से पिन नंबर देख लेता है। इसके बाद खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर उनका एटीएम कार्ड बदल लेता है। वहां से हटकर वे उस एटीएम से या तो रुपये निकाल लेते हैं या उससे खरीदारी कर लेते हैं।
एएसपी ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से तीन मामलों का अनावरण हो गया है। इनमें सात जून को महराजगंज थाना हर्रैया कस्बे से तीनों ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदल कर रुपये निकाल लिया था। आठ जुलाई को आरोपी दुर्गा प्रसाद व चांद बाबू हर्रैया आकर एक एटीएम पर पहुंचे। जहां एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था। उसे मदद करने के बहाने बातों में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल लिया था। उसके बाद उसके खाते से 26 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसके अलावा भदावल एसबीआई शाखा के एटीएम पर एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकाल लिए थे।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
अवधेश कुमार दुबे के विरुद्घ मनकापुर जिले के कोतवाली, मनकापुर, बलरामपुर जिले के थाना सेदुल्लाह नगर और बस्ती जिले के हर्रैया थाने में चोरी, धोखाधड़ी आदि के पांच मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दुर्गा प्रसाद के विरुद्घ गोंडा कोतवाली, अयोध्या कोतवाली, लखनऊ कमिश्नरेट के गोसाईंगंज, सीतापुर के थाना सिधौली, गोंडा के इटिया थोक और हर्रैया थाने में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी आदि के छह मुकदमे दर्ज हैं। चांद बाबू के विरुद्घ हर्रैया थाने में एक मुकदमा दर्ज है।