साढ़े तीन हजार ऑटो में आधे से अधिक हो चुकी हैं अनफिट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के ढाई हजार ऑटो रिक्शे इन दिनों पूरी तरह से मानक विहीन हो चुके हैं। इनमें अधिकांश का फिटनेस नहीं बन पाया है तो बहुत से ऑटो के बीमा ही समाप्त हो चुके हैं। अब एआरटीओ पंकज सिंह ने इन वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। वाहन स्वामियों को नोटिस देने की कार्रवाई इसी सप्ताह शुरू हो जाएगी।
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार जिले में कुल 3713 ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें 2487 ऑटो के फिटनेस के लिए नोटिस जारी की जा रही है। अब तक सिर्फ डेढ़ सौ ऑटो का ही सबकुछ दुरुस्त हो सका है। इनमें अधिकांश का न तो बीमा हो पाया है और न ही ऑटो संचालक उनका प्रदूषण प्रमाणपत्र ही बनवा पाए हैं।
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार बिना परमिट ऑटो का 5 हजार, टैक्स बकाया होने पर 9 हजार, बगैर फिटनेस पर पहली बार 5 हजार, उसके बाद हर बार 10 हजार, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होने पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाने का प्राविधान है। इससे अवैध ऑटो स्वामियों को कीमत से अधिक जुर्माना देना पड़ सकता है।