बस्ती। जनपद के दस निकायों के चुनाव में 227 वाहन अधिग्रहीत किए गए हैं। सभी वाहन चुनाव से दो दिन पहले 9 मई को केडीसी परिसर में एकत्र होंगे। इसके बाद चुनाव कार्मिकों के लिए रूटवार इनका आवंटन होगा। इनमें 85 वाहन पुलिस फोर्स के लिए आरक्षित हैं।
बस्ती में निकाय चुनाव द्वितीय चरण में 11 मई को होना है। प्रशासन की ओर से सकुशल चुनाव कराने की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में है। मतदान कार्मिकों एवं पुलिस फोर्स को ड्यूटी स्थल तक पहुंचाने और वापस लाने के लिए छोटे-बड़े वाहनों को सूचीबद्ध कर लिया गया है। 9 मई को ही इनकी उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाएगी। इसके अगले दिन चुनाव कार्य के लिए इन वाहनों की रवानगी होगी। इनमें निजी वाहन, स्कूल बस, सरकारी बसें शामिल हैं। इसके अलावा स्थानीय अफसर अपने वाहन से चुनावी पर्यवेक्षण का कार्य संभालेंगे।
-
प्रथम चरण के चुनाव से लौटीं डिपो की 31 बसें
4 मई को कराए गए प्रथम चरण के निकाय चुनाव में बस्ती रोडवेज डिपो की कुल 31 बसें अधिग्रहित की गई हैं। 30 मई को ही इन बसों को विभिन्न जनपदों के लिए फोर्स के साथ रवाना कर दिया गया था। पांच दिनों के बाद इनकी वापसी डिपो में हुई हैं। इन बसों के अधिग्रहण से डिपो की आमदनी प्रभावित नहीं हुई है। क्योंकि चुनाव आयोग की ओर से प्रति बस 25 से 26 हजार रुपये प्रतिदिन की दर से किराया अनुमन्य हैं। लेकिन चुनाव कार्य में बसों की रवानगी से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। डिपो की ओर से अधिकांश लोकल रूट की बसें चुनाव कार्य के लिए प्रशासन को उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें बस्ती-बांसी मार्ग, बस्ती-डुमरियागंज मार्ग, बस्ती-गोरखपुर आदि रूट की बसें शामिल हो रही हैं। जिससे इन रुटों पर यात्रियों को सरकारी बसों के संचलन की सुविधा नहीं मिल पाई। उन्हें प्राइवेट टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा। दूसरे चरण के चुनाव के मद्देनजर 9 मई से फिर इसी तरह की समस्या यात्रियों के समक्ष खड़ी होगी। इस बार डिपो से कुल 14 बसों की डिमांड की गई है। इसमें लोकल रूट की ही बसें शामिल हैं। ऐसे में चार दिनों तक इन रूटों पर यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
9 मई को सुबह ही डिपो की कुल 14 बसों का चुनाव कार्य के लिए भेज दिया जाएगा। इसमें 7 बस बस्ती और 7 बसों को संतकबीरनगर जनपद के लिए भेजा जाएगा। चुनाव कार्य में लोकल रूट की बसों को इस नाते लगाया गया है ताकि लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को समस्या न हो। -आयुष भटनागर, एआरएम, रोडवेज डिपो, बस्ती।
चुनाव कार्य के लिए छोटे-बड़े सभी वाहनों को चिह्नित कर सूचीबद्ध कर लिया गया है। 9 मई को सुबह 10 बजे तक केडीसी परिसर में वाहन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित संस्था एवं वाहन स्वामियों को नोटिस भेज दी गई है। -पंकज सिंह, एआरटीओ, बस्ती