शार्ट सर्किट से प्रसाद की दुकान में लगी आग
बैड़वा समय माता मंदिर परिसर में है दुकान
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। सोनहा थाना क्षेत्र के बैड़वा समय माता मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर रखा सारा सामान जल गया। घटना का कारण दुकान के भीतर शार्ट सर्किट का बताया जा रहा है।
मंदिर परिसर की दुकान में आग लगने की सूचना पाते ही सोनहा पुलिस पहुंची। साथ ही हलका लेखपाल ने क्षति की जांच की। इस बाबत तहसीलदार नवीन प्रसाद ने बताया कि लेखपाल की ओर से रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। भानपुर निवासी 50 वर्षीय सुमन अग्रहरि अपनी बेटी के साथ बैड़वा समय माता मंदिर परिसर में दुकान करके परिवार का भरण पोषण करती हैं। मिठाई, चाय, पानी, प्रसाद, कोल्ड ड्रिंक आदि के अलावा दुकान में फ्रिजर भी रखा रहता है। सुमन के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। बुधवार की सुबह दुकान में अचानक आग लग गई। धुआं निकलते देखकर अन्य दुकानदारों ने फोन से इसकी सूचना उनके बेटे अजय को दी। दुकान पहुंचकर अजय जब तक कुछ कर पाता तब तक सब कुछ जल चुका था। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक मंदिर के कार्यालय में भी सर्किट के शार्ट होने से वायरिंग में क्षति हुई है। कई बल्ब भी फ्यूज हो गए हैं।